फ्रांस में बड़े विरोध प्रदर्शन

फ्रांस में महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे लाखों लोग, कई शहरों में आगजनी और लूटपाट

फ्रांस में महंगाई, ईंधन कीमतों के खिलाफ और शिक्षा संकट के विरोध में लाखों लोग सड़कों पर उतरे, कई जगह हिंसा और आगजनी की घटनाएं हुईं।

By : सोनिया रायकवार
फ्रांस में महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे लाखों लोग, कई शहरों में आगजनी और लूटपाट

फ्रांस में बढ़ती महंगाई, ईंधन की कीमतों और सरकारी सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन होने की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को करीब 8 लाख लोग सड़कों पर उतरे। राजधानी पेरिस में राष्ट्रपति भवन एलिजे पैलेस के पास भी प्रदर्शन के दौरान हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। रिपोर्ट में करीब 1,200 लोगों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

लिमोज में टाउन हॉल में लगी आग

प्रदर्शन के दौरान लिमोज शहर में नकाबपोश प्रदर्शनकारियों ने टाउन हॉल में आग लगा दी। रिपोर्ट के अनुसार, आग से 143 साल पुरानी इमारत को भारी नुकसान पहुंचा। देश के कई अन्य हिस्सों में भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। कुछ शहरों में दुकानों में तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाएं भी सामने आईं।

चार प्रमुख मांगों को लेकर प्रदर्शन

प्रदर्शनकारी मुख्य रूप से चार मांगें उठा रहे हैं:

  • वेतन और पेंशन में बढ़ोतरी

  • महंगाई पर नियंत्रण

  • सरकारी सेवाओं में सुधार

  • स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करना और जर्जर इमारतों की मरम्मत

स्कूलों से शुरू हुआ आंदोलन देशभर में फैला

रिपोर्ट के मुताबिक, इस आंदोलन की शुरुआत 21 सितंबर को पेरिस के लाइसी सेंट-एक्सूपेरी स्कूल के छात्रों के विरोध प्रदर्शन से हुई थी। छात्रों ने स्कूल में शिक्षकों और जरूरी संसाधनों की कमी को लेकर आवाज उठाई थी। 29 सितंबर को प्रशासन की ओर से अतिरिक्त स्टाफ भेजे जाने के बाद इस स्कूल की हड़ताल खत्म हो गई, लेकिन तब तक दूसरे इलाकों में भी प्रदर्शन शुरू हो चुके थे। धीरे-धीरे विश्वविद्यालयों के छात्र, अभिभावक, शिक्षक और मजदूर संगठन भी आंदोलन से जुड़ गए।

पुलिस कार्रवाई के बाद बढ़ा तनाव

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 5 अक्टूबर को उत्तरी फ्रांस के लेंस शहर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस के एक ग्रेनेड से 15 वर्षीय लड़के का हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसे काटना पड़ा। इस घटना ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी बढ़ा दी। आंदोलन के दौरान कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें हुईं। रिपोर्ट के अनुसार, अब तक हजारों लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें बड़ी संख्या में नाबालिग भी शामिल थे।

दुकानों में तोड़फोड़ और लूटपाट

प्रदर्शन के दौरान करीब 10 शहरों में सुपरमार्केट, दवा की दुकानों, कपड़ों के शोरूम और इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने वाली दुकानों में लूटपाट की खबरें आईं। AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ समूहों ने योजनाबद्ध तरीके से दुकानों को निशाना बनाया। कई जगहों पर सुरक्षा कैमरों के कनेक्शन काटने और शीशे तोड़कर दुकानों में घुसने की घटनाएं सामने आईं।

मैक्रों ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंसा, सरकारी इमारतों पर हमले और लूटपाट में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों और कारोबारों को नुकसान पहुंचाने वालों पर मुकदमा चलाया जाएगा।

2018 के 'येलो वेस्ट' आंदोलन की चर्चा

मौजूदा प्रदर्शनों की तुलना 2018 के येलो वेस्ट आंदोलन से भी की जा रही है। उस समय ईंधन पर टैक्स बढ़ाने की योजना के विरोध में हजारों लोग पीली जैकेट पहनकर सड़कों पर उतरे थे। इस बार भी सोशल मीडिया पर उस आंदोलन को दोबारा शुरू करने की अपील किए जाने की बात कही गई है।

राजनीतिक दलों के बीच भी मतभेद

फ्रांस में अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने भी प्रदर्शनों पर अपना रुख स्पष्ट करना शुरू कर दिया है। दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन ने पुलिस का समर्थन किया है और आरोप लगाया है कि कट्टर वामपंथी प्रदर्शनकारियों की मांगों को अपने प्रभाव में लेने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, वामपंथी नेता जीन-ल्यूक मेलांशों ने कहा कि देश के अधिकांश प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टीवी चैनलों पर हिंसा की घटनाओं को बार-बार दिखाने से आंदोलन की पूरी तस्वीर सामने नहीं आ रही।

प्रदर्शनकारियों की मांगें, पुलिस की कार्रवाई और हिंसा की घटनाएं अब फ्रांस में बड़ी राजनीतिक बहस का विषय बन गई हैं।

संबंधित सामग्री

अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर TMC-BJP समर्थकों में झड़प, कई लोग घायल; पुलिस से भी हुई तीखी बहस

अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर TMC-BJP समर्थकों में झड़प, कई लोग घायल; पुलिस से भी हुई तीखी बहस

कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर TMC और BJP समर्थकों में विवाद के बाद झड़प हुई। दोनों पक्षों ने आरोप लगाए, कई लोग घायल हुए और पुलिस जांच कर रही है।

07 Nov 2026
जंतर-मंतर प्रदर्शन मामले में सुप्रीम कोर्ट ने जांच कमेटी को दिया एक महीने का अतिरिक्त समय

जंतर-मंतर प्रदर्शन मामले में सुप्रीम कोर्ट ने जांच कमेटी को दिया एक महीने का अतिरिक्त समय

सुप्रीम कोर्ट ने जंतर-मंतर छात्र प्रदर्शन में हिंसा और पुलिस कार्रवाई की जांच कर रही समिति को रिपोर्ट दाखिल करने के लिए एक महीने की मोहलत दी।

05 Nov 2026
कन्नौज में पत्नी को आग के हवाले करने का आरोप, पति बच्चों को लेकर फरार; शक के चलते हुआ था विवाद

कन्नौज में पत्नी को आग के हवाले करने का आरोप, पति बच्चों को लेकर फरार; शक के चलते हुआ था विवाद

कन्नौज के जगतपुर गांव में पति पर पत्नी सोनम को घर में बांधकर आग लगाने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी दो बच्चों समेत फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

05 Nov 2026
प्रदर्शन स्थल पर अनिश्चितकाल तक कब्जा नहीं कर सकता कोई संगठन: सुप्रीम कोर्ट

प्रदर्शन स्थल पर अनिश्चितकाल तक कब्जा नहीं कर सकता कोई संगठन: सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि प्रदर्शन स्थलों की समय-सीमा तय होनी चाहिए, ताकि सभी संगठनों और लोगों को अपनी बात रखने का अवसर मिले।

03 Nov 2026
बांग्लादेश में फिर भड़की विरोध की चिंगारी, 30 हजार टका न्यूनतम वेतन की मांग पर सड़कों पर उतरे हजारों गारमेंट कर्मचारी

बांग्लादेश में फिर भड़की विरोध की चिंगारी, 30 हजार टका न्यूनतम वेतन की मांग पर सड़कों पर उतरे हजारों गारमेंट कर्मचारी

बांग्लादेश में गारमेंट मजदूर 12 हजार से बढ़ाकर 30 हजार टका न्यूनतम वेतन की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनों से 529 कारखाने प्रभावित हुए और सरकार ने अवामी लीग समर्थकों पर आरोप लगाया।

02 Nov 2026