मिडिल ईस्ट में सैन्य तनाव के बीच उड़ानें रद्द होने से उमराह करने गए करीब 4 हजार भारतीयों की वापसी अटक गई है। कांग्रेस प्रवक्ता अब्बास हफीज के मुताबिक, इनमें मध्यप्रदेश के 300 से ज्यादा और भोपाल-इंदौर के 120 से अधिक लोग शामिल होने की आशंका है।
रोजाना 4-5 हजार रुपए का अतिरिक्त खर्च
उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को होटल, खाना और स्थानीय परिवहन पर रोजाना प्रति व्यक्ति 4 से 5 हजार रुपए तक खर्च करने पड़ रहे हैं। अब्बास हफीज ने केंद्र सरकार से यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए विशेष व्यवस्था करने की मांग की है।
भोपाल के अनस परिवार के साथ फंसे
भोपाल के खानू गांव निवासी अनस खान परिवार के 11 सदस्यों के साथ उमराह करने मदीना गए हैं। 29 अक्टूबर का उनका इंडिगो का रिटर्न टिकट था, लेकिन फ्लाइट रद्द होने के बाद दूसरी उड़ान नहीं मिल सकी। अब दूसरे देश के रास्ते लौटने पर परिवार को 20 से 22 हजार रुपए अतिरिक्त खर्च करने पड़ सकते हैं।
वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की मांग
अब्बास हफीज ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से अपील की है कि केवल हेल्पलाइन और वीजा अवधि बढ़ाने से समस्या हल नहीं होगी। सरकार को एयरलाइंस के साथ समन्वय कर वैकल्पिक उड़ानों या विशेष विमानों की व्यवस्था करनी चाहिए।
टूर ऑपरेटरों को भी नुकसान
ट्रैवल एजेंसी मैनेजर हमजा नदवी के मुताबिक, उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को होटल और खाने की पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलीं। दूसरी उड़ानों के टिकट कई गुना महंगे मिलने से कुछ लोगों को कर्ज लेकर या अपना सामान बेचकर वापसी का इंतजाम करना पड़ा। टूर ऑपरेटरों ने भी नुकसान की भरपाई की मांग की है।
7 नवंबर तक उड़ानों पर रोक
घोषित कार्यक्रम के अनुसार, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद-दम्माम की उड़ानें 7 नवंबर 2026 तक और जेद्दा की उड़ानें 31 अक्टूबर तक रद्द की हैं। पात्र यात्रियों को निर्धारित शर्तों के तहत मुफ्त रीबुकिंग या पूरा रिफंड देने का विकल्प दिया गया है। यात्रियों को अब सुरक्षित वापसी के लिए वैकल्पिक उड़ानों का इंतजार है।