महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भारत में ‘रिजीम चेंज’ की मांग को लेकर शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा है। फडणवीस ने कहा कि उद्धव ठाकरे अपनी ही पार्टी में सत्ता परिवर्तन को नहीं रोक पाए, ऐसे में उनका दूसरे सत्ता परिवर्तन की बात करना समझ से परे है। नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी की।
‘हिंदुत्व की विचारधारा छोड़ने से पार्टी में उथल-पुथल हुई’
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उद्धव ठाकरे की पार्टी ने जब हिंदुत्व और बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा से दूरी बनाई, तो पार्टी के भीतर उथल-पुथल शुरू हो गई। उनके मुताबिक, बालासाहेब ठाकरे के सिद्धांतों पर चलने वाले नेताओं ने अलग होकर अपनी शिवसेना बनाई। फडणवीस का इशारा जून 2022 में अविभाजित शिवसेना में हुई टूट की ओर था। उस घटनाक्रम के बाद पार्टी दो गुटों में बंट गई। एक गुट का नेतृत्व उद्धव ठाकरे कर रहे हैं, जबकि दूसरे गुट का नेतृत्व एकनाथ शिंदे के पास है, जो महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री हैं।
‘भारत में सत्ता परिवर्तन चुनाव से होगा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में सरकार बदलने का रास्ता चुनाव है, न कि सड़कों पर होने वाले विरोध-प्रदर्शन। उन्होंने संविधान और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का हवाला देते हुए कहा कि देश में फैसले संसद और संवैधानिक व्यवस्था के तहत लिए जाते हैं। फडणवीस ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह सत्ता में आना चाहता है, तो उसे चुनाव जीतकर जनता का समर्थन हासिल करना होगा।
2029 में फिर मोदी सरकार बनने का भरोसा जताया
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भरोसा जताया कि 2029 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार फिर सत्ता में आएगी। उन्होंने विपक्ष से लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत जनता के बीच जाने और चुनाव के जरिए अपना समर्थन साबित करने की बात कही। फडणवीस की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब ‘रिजीम चेंज’ की मांग को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। उनके बयान से महाराष्ट्र की राजनीति में उद्धव ठाकरे और भाजपा के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।