कोलकाता में महासप्तमी की शाम एक दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। उत्तरी कोलकाता के चोरबागान सर्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से 19 लोगों की जान जाने की खबर है। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बारिश के दौरान बढ़ी भीड़, पंडाल का हिस्सा ढहने की आशंका
यह घटना मुक्ताराम बाबू स्ट्रीट स्थित चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई। जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम तेज बारिश के कारण बड़ी संख्या में लोग पंडाल में शरण लेने पहुंचे थे। महासप्तमी के चलते पहले से ही काफी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान पंडाल का एक हिस्सा ढहने की बात सामने आई, जिसके बाद भगदड़ मच गई। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और पंडाल का ढांचा गिरने की इसमें क्या भूमिका रही, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
The stampede in Kolkata is extremely distressing. My thoughts are with those who have lost their loved ones. May the injured recover at the earliest. The local administration is providing all possible assistance to those affected: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) October 17, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, मृतकों के निकट परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया गया है।
राष्ट्रपति से लेकर राहुल गांधी तक, नेताओं ने जताया शोक
कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की ख़बर बेहद दुखद है। इस हादसे में कई लोगों की जान जाने और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की सूचना है। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। प्रशासन से अपील है कि सभी घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मिले, और इस हादसे की निष्पक्ष जाँच हो ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी न दोहराई जाए। मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूँ कि वे राहत कार्य में हर संभव मदद करें।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 17, 2026
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में हुई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) October 17, 2026
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने दुख जताया। राहुल गांधी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी घटना पर दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
BJP national chief Nitin Nabin (@NitinNabin) posts, "कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक पूजा पंडाल में भगदड़ के कारण हुई जनहानि की दुखद घटना से मन अत्यंत व्यथित है। माँ दुर्गा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें। प्रशासन द्वारा प्रभावित लोगों तक हरसंभव सहायता पहुँचाई जा रही है।"
— Press Trust of India (@PTI_News) October 17, 2026
सुरक्षा कारणों से पंडाल बंद
हादसे के बाद सुरक्षा और जांच के मद्देनजर चोरबागान पूजा पंडाल को फिलहाल श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच कर रहा है। इस हादसे ने बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षित रास्तों और अस्थायी ढांचों की मजबूती को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।