नवरात्रि की महाष्टमी की रात हुई वारदात, तंत्र साधना और अंधविश्वास के एंगल से जांच कर रही पुलिस पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के सोनामुखी इलाके में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। आरोप है कि मंगल चौधरी नाम के व्यक्ति ने नवरात्रि की महाष्टमी की रात अपनी पत्नी और पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
पत्नी का सिर काटकर मंदिर में रखा
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 39 वर्षीय रुम्पा चौधरी और 60 वर्षीय राजेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। आरोप है कि मंगल ने पहले अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला किया और उसका सिर काटकर मंदिर में रख दिया। इसके बाद उसने अपने पिता की भी हत्या कर दी। पिता का शव घर के आंगन से बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
घर पर तांत्रिक के आने-जाने का दावा
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगल और उसकी पत्नी नियमित रूप से एक मंदिर में पूजा-पाठ करते थे। ग्रामीणों का दावा है कि आरोपी के घर पर एक तांत्रिक का भी अक्सर आना-जाना रहता था। शुरुआती जानकारी में तंत्र साधना और अंधविश्वास से जुड़े पहलुओं की चर्चा हो रही है, हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
दामोदर नदी के पास हुई वारदात
बताया जा रहा है कि वारदात दामोदर नदी के चर में स्थित ‘लाल बाबा मनाचर’ इलाके में हुई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस आरोपी से कर रही पूछताछ
पुलिस ने आरोपी मंगल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोहरे हत्याकांड के पीछे क्या वजह थी और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी थी।