दिल्ली में सोमवार को पुलिस मुख्यालय के बाहर उस समय हलचल देखने को मिली, जब करीब 80 पुलिसकर्मी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने पहुंच गए। खास बात यह रही कि प्रदर्शन में एसीपी मनस्वी वशिष्ठ भी शामिल थीं। पुलिसकर्मी हाल ही में हुए अधिकारियों के तबादलों से नाराज हैं और पुलिस कमिश्नर के साथ बैठक करने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस मुख्यालय के बाहर जुटे पुलिसकर्मी
यह प्रदर्शन दिल्ली पुलिस मुख्यालय के गेट नंबर-1 के बाहर हुआ। मौके पर पहुंचे डीसीपी (नई दिल्ली) सचिन शर्मा ने प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों से बातचीत की और उन्हें प्रदर्शन खत्म करने के लिए समझाया। उन्होंने पुलिस बल की अनुशासन व्यवस्था बनाए रखने की बात कही। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, डीसीपी सचिन शर्मा ने पुलिसकर्मियों से कहा कि उन्हें प्रदर्शनकारियों की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कुछ कर्मचारियों को बातचीत के लिए मुख्यालय के अंदर चलने का प्रस्ताव भी दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी इसके लिए तैयार नहीं हुए। पुलिसकर्मियों की मांग थी कि पुलिस कमिश्नर के साथ 'संपर्क सभा' आयोजित की जाए, ताकि वे अपनी शिकायतें सीधे उनके सामने रख सकें।
वकील से विवाद के बाद हुआ था तबादला
दरअसल, पूरा मामला 23 अक्टूबर को शाहदरा थाने में हुई एक घटना से जुड़ा है। उस दिन पुलिस और वकील ललित बंसल के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान वकील के सिर में गंभीर चोट लगने का आरोप सामने आया था। घटना के बाद वकीलों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। इसके बाद 28 अक्टूबर को एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और शाहदरा थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर अरुण कुमार का तबादला कर दिया गया। अधिकारियों के तबादले के बाद वकीलों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली। हालांकि, पुलिस विभाग के कुछ कर्मचारियों ने इस फैसले पर नाराजगी जताई और दोनों अधिकारियों की पुरानी पोस्टिंग बहाल करने की मांग शुरू कर दी।
व्हाट्सऐप ग्रुप में संदेश भेजकर जुटने की अपील
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार सुबह पुलिस के व्हाट्सऐप ग्रुपों में संदेश भेजकर पुलिसकर्मियों से मुख्यालय के बाहर जुटने की अपील की गई थी। वहीं, वरिष्ठ अधिकारियों ने जिला डीसीपी और यूनिट प्रमुखों को अपने कर्मचारियों को प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के निर्देश दिए थे। इस बीच, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू 3 नवंबर को पुलिसकर्मियों से बातचीत करने वाले हैं। इस बैठक में कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर रैंक तक के पुलिसकर्मियों के शामिल होने की योजना है। अब देखना होगा कि इस बातचीत के बाद पुलिसकर्मियों की नाराजगी दूर होती है या तबादलों को लेकर विवाद आगे भी जारी रहता है।