दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में शनिवार को एक DTC बस की टक्कर से बड़ा सड़क हादसा हो गया। बस ने तीन दोपहिया वाहनों और एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना 212 बस स्टैंड के पास हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, DTC बस टिकरी बॉर्डर की ओर जा रही थी। बस एक महिला चला रही थी, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गई। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे से नाराज लोगों ने बस में तोड़फोड़ की और उसकी खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए।
बस के पहियों के नीचे फंसीं स्कूटी
हादसे की सामने आई तस्वीरों और वीडियो में दो स्कूटी बस के अगले पहियों के नीचे फंसी दिखाई दीं। बस ने एक ई-रिक्शा को भी टक्कर मारी। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और स्थिति को संभाला। हादसे के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली। गुस्साए लोगों ने बस की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। फिलहाल मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी और हादसे के कारणों की जांच से संबंधित आधिकारिक अपडेट का इंतजार है।
द्वारका में ट्रक की टक्कर से युवक की जान गई, 3 घायल
दिल्ली में सड़क हादसे का एक अन्य मामला द्वारका के सेक्टर-18 से सामने आया। यहां शनिवार रात करीब 12:45 बजे एक ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में गौरव नाम के युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, हादसा क्रिसेंट अपार्टमेंट क्रॉसिंग के पास हुआ। गौरव के सिर में गंभीर चोट आई थी। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका शव दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है। घायलों की पहचान हितेश (18), हर्षित (20) और ध्रुव (23) के रूप में हुई है। हितेश और हर्षित को पहले इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें दूसरे मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, ध्रुव को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, ध्रुव उस समय बयान देने की स्थिति में नहीं था।
ट्रक चालक पकड़ा गया
पुलिस ने द्वारका हादसे के मामले में ट्रक चालक होताम सिंह (41) को पकड़ लिया है। वह उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला बताया गया है। पुलिस दोनों सड़क हादसों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।