मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक की मांग को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन जारी है। इस बीच CJP ने दिल्ली पुलिस को 24 घंटे के भीतर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए तारीख तय करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय में तारीख नहीं दी गई, तो वह नए विरोध प्रदर्शन का आह्वान करेगा।
संसद मार्ग थाने पहुंचेंगे CJP के नेता
CJP नेता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि वह सौरभ दास और अन्य नेताओं के साथ सोमवार सुबह 10 बजे संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचेंगे। वे जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति और तारीख तय करने की मांग करेंगे। संगठन का कहना है कि वह अपने लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के तहत विरोध जारी रखेगा।
आशुतोष रांका बोले- देश में जंग जैसे हालात
रिहाई के बाद CJP नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान आशुतोष रांका ने कहा कि देश में जंग जैसे हालात बना दिए गए हैं और उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। संगठन का मुख्य मुद्दा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और SIR पर रोक लगाने की मांग है।
अभिजीत दीपके की दादी के निधन पर दिल्ली पुलिस का बयान
दूसरी ओर, अभिजीत दीपके अपनी दादी के निधन के बाद रविवार को नागपुर लौट गए। एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा कि उन्हें चाहे 100 बार जेल में डाल दिया जाए, वे डरने वाले नहीं हैं।
दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अभिजीत दीपके की दादी के निधन की सूचना मिलने के बाद पुलिस उनके पास गई थी और हर संभव मदद की पेशकश की थी। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति को लेकर CJP और दिल्ली पुलिस के बीच अब आगे क्या फैसला होता है, इस पर सबकी नजर है।