दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तीन नेताओं को रिहा कर दिया गया है। अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को रविवार सुबह 10 बजे करीब 23 घंटे हिरासत में रखने के बाद छोड़ा गया। तीनों को दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट कोर्ट के सामने पेश किया गया था। अदालत ने उन्हें एक साल तक शांति भंग नहीं करने की शर्त पर रिहा करने का आदेश दिया।
₹50 हजार का बेल बॉन्ड, अच्छे व्यवहार की शर्त
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तीनों नेताओं ने एक साल तक शांति बनाए रखने और अच्छे व्यवहार का पालन करने के लिए 50 हजार रुपये का बेल बॉन्ड भी भरा है। पुलिस ने शनिवार को CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले तीनों नेताओं को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से हिरासत में लिया था। पुलिस की ओर से इस कार्रवाई को एहतियाती कदम बताया गया था। हालांकि, नेताओं की रिहाई के बाद भी CJP का विरोध प्रदर्शन जारी रहने वाला है।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर आज भी प्रदर्शन
CJP ने रविवार को लगातार दूसरे दिन दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। शनिवार को प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हजारों समर्थकों को रास्ते में रोक दिया था। करीब 7,000 लोगों को हिरासत में लिए जाने की बात भी सामने आई थी। अब रविवार को होने वाले प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर नजर बनी हुई है।
ट्रेन और मेट्रो सेवाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
दिल्ली में 250 ट्रेनें रद्द किए जाने और 45 मेट्रो स्टेशन बंद रखे जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट रविवार को छुट्टी के दिन सुनवाई करेगा। गृह सचिव, दिल्ली पुलिस कमिश्नर और DMRC चेयरपर्सन के खिलाफ अदालत के आदेश की अनदेखी के आरोप में अवमानना कार्रवाई की मांग की गई है। कोर्ट ने शुक्रवार को निर्देश दिया था कि ट्रेन और मेट्रो सेवाएं पूरी तरह बंद नहीं की जाएं। अब इस मामले में अदालत के रुख पर सबकी नजर रहेगी।