देशभर में आज 20 अक्टूबर को विजयादशमी का त्योहार मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने लोगों के जीवन में सुख, सौभाग्य और सफलता की कामना की, वहीं राष्ट्रपति ने धर्म और न्याय की जीत का संदेश देते हुए देशवासियों से विकसित भारत और समावेशी समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर दी बधाई
आप सभी को विजयादशमी की अनंत शुभकामनाएं। उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे। सभी का जीवन सुख-सौभाग्य और सफलता से समृद्ध हो, यही कामना है।
— Narendra Modi (@narendramodi) October 20, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि उल्लास और विश्वास का यह पर्व हर व्यक्ति के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे। साथ ही उन्होंने सभी के जीवन में सुख, सौभाग्य और सफलता की कामना की।
राष्ट्रपति मुर्मू ने धर्म और न्याय की जीत का दिया संदेश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देश-विदेश में रहने वाले भारतीयों को विजयादशमी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की रावण पर विजय के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला यह पर्व अधर्म और अन्याय पर धर्म और न्याय की जीत का प्रतीक है।

राष्ट्रपति ने भगवान श्रीराम को धर्म और नैतिक आचरण का आदर्श बताते हुए कहा कि देशवासियों को भारतीय संस्कृति, नैतिकता और कर्तव्य के मूल्यों को अपनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से विरासत के उच्च आदर्शों पर चलते हुए विकसित भारत और समावेशी समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही सभी के सुख, आरोग्य और कल्याण की कामना की।
आईपी एक्सटेंशन में रावण दहन करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित श्री रामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ के दशहरा कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन करेंगे। इसके साथ ही नकली दवाओं की कालाबाजारी करने वालों के प्रतीकात्मक पुतले का भी दहन किया जाएगा।
पीएम मोदी के कार्यक्रम को देखते हुए रामलीला स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा के लिए दो हजार से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात रहेंगे। आसपास की इमारतों से निगरानी के साथ ड्रोन के जरिए भी सुरक्षा पर नजर रखी जाएगी।
विजयादशमी का त्योहार बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर देशभर में रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।