ऑस्ट्रेलिया सरकार ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा आवेदन प्रक्रिया में बायोमेट्रिक्स से जुड़े नए नियम लागू किए हैं। 26 अक्टूबर 2026 से ऑस्ट्रेलियाई वीजा के लिए आवेदन करने वाले कुछ भारतीय आवेदकों को अपनी पहचान की पुष्टि के लिए फिंगरप्रिंट और चेहरे की तस्वीर देनी पड़ सकती है। ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग के मुताबिक, यह बदलाव वीजा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाने और पहचान संबंधी धोखाधड़ी को रोकने के उद्देश्य से किया गया है।
26 अक्टूबर से लागू हुए नए नियम
नई व्यवस्था उन वीजा आवेदनों पर लागू होगी, जो 26 अक्टूबर 2026 या उसके बाद जमा किए जाएंगे। इससे पहले आवेदन कर चुके लोगों और पहले से जारी वीजा पर इस बदलाव का असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, बायोमेट्रिक्स देना हर आवेदक के लिए अनिवार्य नहीं होगा। ऑस्ट्रेलिया का गृह मंत्रालय संबंधित आवेदकों को इसकी जरूरत और प्रक्रिया के बारे में जानकारी देगा।
ईमेल के जरिए मिलेगी जानकारी
ऑस्ट्रेलिया का डिपार्टमेंट ऑफ होम अफेयर्स आवेदकों को ईमेल के जरिए बताएगा कि उन्हें बायोमेट्रिक जानकारी देनी है या नहीं। जरूरत पड़ने पर आवेदकों को अधिकृत बायोमेट्रिक्स कलेक्शन सेंटर जाने या पात्रता के अनुसार Australian Immi App के जरिए जानकारी देने के निर्देश मिल सकते हैं। सरकार ने आवेदकों को सलाह दी है कि आधिकारिक निर्देश मिलने से पहले बायोमेट्रिक्स के लिए अपॉइंटमेंट बुक न करें और न ही ऐप के जरिए प्रक्रिया शुरू करें।
पहचान की पुष्टि और धोखाधड़ी रोकने पर जोर
ऑस्ट्रेलियाई सरकार के मुताबिक, बायोमेट्रिक्स से आवेदकों की पहचान की पुष्टि करने में मदद मिलती है। इससे पहचान के दुरुपयोग और वीजा संबंधी धोखाधड़ी को रोकने के प्रयासों को मजबूती मिल सकती है। ऑस्ट्रेलिया पहले से करीब 60 देशों के वीजा आवेदकों से बायोमेट्रिक जानकारी लेता है। अब इस व्यवस्था का विस्तार भारत तक किया गया है।
वीजा प्रक्रिया में देरी होगी?
ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग के अनुसार, यदि आवेदक सूचना मिलने के बाद समय पर जरूरी बायोमेट्रिक्स उपलब्ध करा देते हैं, तो इस बदलाव से वीजा प्रक्रिया में देरी होने की आशंका नहीं है। आवेदकों को अपने ईमेल और आवेदन से जुड़े आधिकारिक संदेशों पर नजर रखने और गृह मंत्रालय के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।