आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एक सरकारी स्कूल के अंदर हमले की घटना सामने आई है। शनिवार सुबह पढ़ाई के दौरान 21 साल का एक युवक लकड़ी काटने वाली आरी लेकर 10वीं कक्षा के कमरे में घुस गया। उसने वहां मौजूद दो छात्राओं पर हमला कर दिया। इस घटना में दोनों छात्राएं घायल हो गईं, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
क्लासरूम में पढ़ाई के दौरान हुआ हमला
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 10:30 बजे राप्टाडु मंडल के राप्टाडु गांव स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में हुई। जिस समय युवक कक्षा में पहुंचा, उस वक्त शिक्षक की मौजूदगी में पढ़ाई चल रही थी। इसी दौरान उसने दो छात्राओं को निशाना बनाया। हमले के बाद घायल छात्राओं को तत्काल अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां दोनों का इलाज शुरू किया गया। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर होने के कारण उसकी सर्जरी की जा रही है।
गंभीर छात्रा को एयर एंबुलेंस से बेंगलुरु भेजने की तैयारी
डॉक्टरों की निगरानी में गंभीर रूप से घायल छात्रा का इलाज जारी है। उसकी बेहतर चिकित्सा के लिए उसे एयर एंबुलेंस के जरिए बेंगलुरु के अस्पताल में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। दूसरी घायल छात्रा का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
धर्मावरम रेलवे स्टेशन से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी की पहचान हेमंत उर्फ डुम्मू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह हमले के बाद स्कूल से फरार हो गया था। पुलिस ने तलाश शुरू की और बाद में उसे धर्मावरम रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी श्री सत्य साईं जिले के धर्मावरम मंडल के नागालुर का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसका घायल छात्राओं में से एक के परिवार से दूर का रिश्तेदारी संबंध भी है। फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटा रही है।
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
घटना पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि स्कूल में 10वीं की छात्रा पर हुए हमले से उन्हें गहरा सदमा पहुंचा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चियों को निशाना बनाने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री ने घायल छात्रा के इलाज को प्राथमिकता देने के निर्देश मेडिकल टीम को दिए हैं। साथ ही पुलिस को मामले की जांच तेजी से पूरी करने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि वह खुद छात्रा के इलाज और उसके ठीक होने की प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।