थेनी जेल से फरार सभी 17 कैदी गिरफ्तार

तमिलनाडु की थेनी सब-जेल से फरार सभी 17 कैदी गिरफ्तार, 9 जेल कर्मचारी सस्पेंड; 26 साल के कैदी ने बनाया था प्लान

मेडिकल इमरजेंसी का बहाना बनाकर भागे सभी 17 कैदियों को 43-48 घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया। सुरक्षा चूक के बाद 9 कर्मचारी निलंबित और जेलों का ऑडिट शुरू हुआ।

By : सोनिया रायकवार
तमिलनाडु की थेनी सब-जेल से फरार सभी 17 कैदी गिरफ्तार, 9 जेल कर्मचारी सस्पेंड; 26 साल के कैदी ने बनाया था प्लान

तमिलनाडु के थेनी जिले की सब-जेल से फरार हुए सभी 17 कैदियों को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। जेल की सुरक्षा में बड़ी चूक के बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया और फरार कैदियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। रिपोर्ट के मुताबिक, सभी कैदियों को फरारी के करीब 43 से 48 घंटे के भीतर पकड़ लिया गया। घटना के बाद ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में जेल के 9 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, फरार कैदियों को पकड़ने के बाद अब उन्हें राज्य की अलग-अलग हाई-सिक्योरिटी जेलों में स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है। इस घटना के बाद तमिलनाडु जेल विभाग ने राज्यभर की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट भी शुरू कर दिया है।

मेडिकल इमरजेंसी का बहाना बनाकर दिया चकमा

जांच में सामने आया कि फरार हुए 17 विचाराधीन कैदियों ने जेल से निकलने के लिए पहले से योजना बनाई थी। इस योजना की शुरुआत 26 वर्षीय कैदी लिंगा प्रसाद के विचार से हुई, जो मदुरै का रहने वाला है और लूट के मामलों में जेल में बंद था। आरोप है कि जेल कर्मचारियों का ध्यान भटकाने के लिए एक कैदी ने मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक किया। मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति बनने पर सुरक्षाकर्मियों का ध्यान भटका और इसी दौरान कैदियों ने जेल से भागने की योजना को अंजाम दिया।

पहाड़ी इलाके से पकड़े गए आखिरी दो कैदी

पुलिस ने फरार होने के बाद शुरुआती तलाशी अभियान में चार कैदियों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद बाकी कैदियों की तलाश जारी रही। पुलिस के मुताबिक, आखिरी दो फरार कैदियों मीनाक्षी सुंदरम और तिरुपति को बुधवार को जेल के पीछे स्थित पहाड़ी इलाके से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को पूछताछ के लिए काना विलक्कू पुलिस स्टेशन ले जाया गया। इसके साथ ही सभी 17 कैदियों को दोबारा हिरासत में लेने की कार्रवाई पूरी हो गई।

9 जेल कर्मचारी निलंबित, सुरक्षा ऑडिट शुरू

इस घटना को जेल की सुरक्षा में गंभीर चूक के तौर पर देखा जा रहा है। ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में जेल के 9 कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। वहीं, तमिलनाडु जेल विभाग ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए राज्य की सभी जेलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। सभी 17 कैदियों की गिरफ्तारी के बाद अब उनके जेल से फरार होने की परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जांच की जा रही है। अधिकारियों के सामने यह सुनिश्चित करने की चुनौती है कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

संबंधित सामग्री

तमिलनाडु की थेनी जेल से 17 कैदी फरार, पुलिस पर हमला कर भागे; 4 गिरफ्तार, 13 की तलाश जारी

तमिलनाडु की थेनी जेल से 17 कैदी फरार, पुलिस पर हमला कर भागे; 4 गिरफ्तार, 13 की तलाश जारी

कैदियों ने बीमारी का बहाना बनाकर जेलकर्मियों पर हमला किया और भाग निकले। तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि बाकी कैदियों की तलाश में 16 चेकपोस्ट बनाए गए हैं।

27 Oct 2026
तमिलनाडु की सब-जेल से 17 कैदी फरार, पुलिसकर्मियों पर हमला; 4 गिरफ्तार

तमिलनाडु की सब-जेल से 17 कैदी फरार, पुलिसकर्मियों पर हमला; 4 गिरफ्तार

तमिलनाडु की थेनी सब-जेल में कैदियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर फरार होने की कोशिश की। चार गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि 13 की तलाश जारी है।

27 Oct 2026