महाराष्ट्र में किसानों का अकोले से मुंबई तक निकाला जा रहा वाहन मार्च स्थगित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ बैठक और विभिन्न मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद अखिल भारतीय किसान सभा (AIKS) ने यह फैसला लिया। किसान सभा ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। यह मार्च 26 अक्टूबर को अहिल्यानगर जिले से शुरू हुआ था और ठाणे जिले के शाहापुर में इसे रोक दिया गया था।

दो घंटे चली बैठक, मांगों पर हुई चर्चा
मुंबई के सह्याद्रि गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में किसान सभा के प्रतिनिधियों के साथ करीब दो घंटे तक बैठक हुई। इसमें किसानों, खेतिहर मजदूरों, आदिवासियों, महिलाओं और श्रमिक वर्ग से जुड़ी विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई। किसान सभा के मुताबिक, कई मांगों पर ठोस आश्वासन मिले हैं और कुछ मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लिए गए हैं। इन आश्वासनों पर अमल की समीक्षा के लिए 4 नवंबर को अगली बैठक तय की गई है।
सूखा प्रभावित किसानों और लंबित किस्तों पर आश्वासन
किसान सभा के अनुसार, सरकार ने सूखा प्रभावित किसानों को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) के दिशानिर्देशों के तहत मिलने वाली सहायता से अधिक मदद देने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा, नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना की दो लंबित किस्तें जारी करने का भरोसा भी दिलाया गया है।
81 लाख महिलाओं को योजनाओं में शामिल करने का भरोसा
बैठक में बाल हिरडा यानी छोटी हरड़ की खरीद से जुड़े मुद्दों पर विचार करने के लिए एक समूह गठित करने का आश्वासन दिया गया। साथ ही, किसान सभा के मुताबिक, KYC पूरी नहीं होने के कारण सरकारी योजनाओं से बाहर हुईं करीब 81 लाख महिलाओं को दोबारा योजनाओं में शामिल करने और KYC प्रक्रिया जारी रखने का भरोसा भी दिया गया है। किसान सभा ने सरकार के साथ हुई बातचीत के बाद वाहन मार्च स्थगित करने का फैसला किया है। अब 4 नवंबर की बैठक में यह देखा जाएगा कि सहमति बनी मांगों पर आगे क्या कार्रवाई होती है।