कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे आंदोलन पर फिलहाल ब्रेक लगाने का ऐलान किया है। सोशल मीडिया पर जारी करीब 6 मिनट के वीडियो संदेश में दीपके ने समर्थकों से त्योहार के दौरान अपने परिवार के साथ समय बिताने की अपील की। इस दौरान CJP के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका का जिक्र करते हुए उनकी आंखें नम हो गईं।
सौरव और आशुतोष को याद कर भावुक हुए दीपके
Message to all cockroaches https://t.co/9e5yI9Nst0
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) October 20, 2026
अभिजीत दीपके ने कहा कि सौरव दास और आशुतोष रांका उनके लिए भाइयों जैसे हैं। उन्होंने साफ किया कि उनकी आंखों में आंसू डर की वजह से नहीं, बल्कि अपने साथियों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव के कारण हैं। उन्होंने कहा कि भावुकता कमजोरी नहीं, बल्कि उनकी ताकत है।
समर्थकों से परिवार के पास लौटने की अपील
इंस्टाग्राम लाइव के दौरान दीपके ने समर्थकों से अपने परिवारों के पास लौटने और उनका ख्याल रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान लोग उन लोगों के लिए लड़ रहे हैं, जो शायद उन्हें जानते तक नहीं। महात्मा गांधी की विचारधारा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अनजान लोगों के लिए भी आवाज उठानी चाहिए।
दीपके ने यह भी कहा कि आंदोलन पीछे हटने का नाम नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सौरव दास और आशुतोष रांका जेल से बाहर आने के बाद उसी मुस्कान के साथ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
दिल्ली पुलिस ने केस क्राइम ब्रांच को सौंपा
इस बीच, सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत दो दिन बढ़ाए जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ अनधिकृत प्रवेश से जुड़े मामले की जांच अपराध शाखा को सौंप दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कनॉट प्लेस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223A, 332 और 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इन धाराओं के तहत लोक सेवक के विधिवत आदेश की अवहेलना, अपराध करने के इरादे से अनधिकृत प्रवेश और आपराधिक साजिश से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।
आंदोलन पर फिलहाल विराम, आगे की रणनीति पर नजर
अभिजीत दीपके के वीडियो संदेश के बाद CJP समर्थकों के आंदोलन की आगे की रणनीति पर नजर रहेगी। दीपके ने जहां समर्थकों से परिवार के साथ समय बिताने को कहा, वहीं सौरव दास और आशुतोष रांका की रिहाई के बाद आंदोलन जारी रखने की बात भी कही।