Mumbai crime: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से मंगलवार को ख़ुदकुशी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के एंटॉप हिल इलाके में MDS छात्रा स्तुती सोनवणे (24) ने कथित तौर पर अपने बॉयफ्रेंड से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली | पुलिस के अनुसार, इस घटना से परिवार और इलाका ग़मगीन हैं।
पुलिस के द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, स्तुती नवी मुंबई के एक डेंटल कॉलेज में MDS की पढ़ाई कर रही थी। उसने अपने घर में दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस त्वरित रूप से मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मौके से मिला छह पन्नों का सुसाइड नोट
मामले की जांच के दौरान पुलिस को कमरे से छह पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें स्तुति ने अपने बॉयफ्रेंड मोहम्मद फौझील पर गंभीर आरोप लगाए हैं | पुलिस के अनुसार, नोट में लिखा गया है कि उसका प्रेमी उस पर अक्सर भद्दे आरोप लगाता था और उसके चरित्र पर शक करता था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी।

श्रद्धा वालकर हत्याकांड का भी किया जिक्र
सुसाइड नोट में स्तुति ने चर्चित ‘श्रद्धा वालकर हत्याकांड’ का भी अप्रत्यक्ष रूप से जिक्र किया है। उसने लिखा कि उसके कुछ दोस्त मजाक में अक्सर कहते थे, “एक दिन तू हमें फ्रिज में मिलेगी।” सुसाइड नोट के अनुसार, शुरुआत में दोनों के बीच संबंध सामान्य थे, लेकिन समय के साथ विवाद और झगड़े बढ़ते चले गए, और अंत में स्तुति ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
कमरे में फंदे से लटकी मिली स्तुति
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्तुति अपने माता-पिता और बहन के साथ एंटॉप हिल स्थित घर में रहती थी। घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिवार को शक हुआ।

परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो उन्हें वह अन्दर फंदे से लटकी हुई मिली। तुरंत उसे सायन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही मामले की गहन जांच
एंटॉप हिल पुलिस ने बताया कि उन्होनें इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर छात्रा के बॉयफ्रेंड की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों की मानें तो, मामले में परिवार और दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।
