स्वच्छता पार्क- कबाड़ से जुगाड़ का शुभारंभ
MP NEWS: मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत छिंदी पहुंचे. यहां उन्होंने स्वच्छता ही सेवा अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम अंतर्गत ‘स्वच्छता पार्क- कबाड़ से जुगाड़’ का शुभारंभ किया.इस दौरान राज्यपाल आदिवासियों द्वारा कबाड़ से जुगाड़ कर बनाई चीजों की देख काफी खुश हुए.
कबाड़ से तैयार किया पार्क
छिंदी गांव में पार्क बनाने के लिए बिना लागत के पुरानी इमारतों और बेकार पड़ी सामग्रियों का इस्तेमाल किया गया है. इसमें कवेलू, शीट, पाइप, लकड़ी, पुराने टायर, साइकिल, बांस और पीपे शामिल हैं. इन वस्तुओं को रचनात्मक ढंग से उपयोग में लाते हुए, पार्क को न केवल सजावटी बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी बनाया गया है.
MP NEWS:पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
यह स्वच्छता पार्क अपनी विशिष्टता और रचनात्मकता के लिए जाना जाएगा, क्योंकि इसे कबाड़ से तैयार की गई सामग्री के माध्यम से सजाया और संवारा गया है. कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन और सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार के नेतृत्व में इस पार्क को विकसित किया गया है, जो स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनूठी पहल के रूप में उभरा है.
पार्क में ये है खासियत
इस स्वच्छता पार्क की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां अनुपयोगी मानी जाने वाली सामग्रियों को पुनः उपयोगी बनाकर आकर्षक सजावट के रूप में ढाला गया है. पुरानी लकड़ियों, बांस और कवेलू से आकर्षक बाउंड्री वॉल तैयार की गई है. पुराने टायर, बांस और बैरल से कुआं, गमले और बैठने की जगहों का निर्माण किया गया है. ईंटों और कवेलू से सुंदर और सुसज्जित पैदल पथ का निर्माण किया गया है. पुरानी साइकिलों को रंग कर पार्क में शो-पीस के रूप में सजाया गया है. लोहे की सामग्रियों से कलात्मक ढंग से खूबसूरत कलाकृतियां बनाई गई हैं. पुरानी बैंचों का पुनः उपयोग करके आरामदायक बैठने की जगहें तैयार की गई हैं.
