17 नवजातों की हालत बिगड़ी, 6 बच्चे आईसीयू में भर्ती
मध्यप्रदेश के नीमच में जिला अस्पताल में एक दिन पहले जन्मे 17 बच्चों की तबीयत एंटीबायोटिक इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ गई। बच्चों को बुखार, उल्टी और शरीर में फफोले आ गए। पुलिस और अस्पताल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया।
MP NEWS: इंजेक्शन लगने के बाद बिगड़ी तबीयत
इंजेक्शन लगने के बाद तबीयत बिगड़ने पर 6 बच्चों को आईसीयू में शिफ्ट किया गया। 3 बच्चों के परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। बाकी के सभी बच्चे शिशु वार्ड में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि सभी की स्थिति सामान्य है। पुलिस ने एंटीबायोटिक इंजेक्शन जब्त कर लिए हैं।
17 बच्चों की बिगड़ी तबीयत
जिला अस्पताल के शिशु वार्ड में शुक्रवार रात 8 बजे बाद ड्यूटी पर आए नर्सिंग स्टाफ ने भर्ती सभी 26 बच्चों को ठंड व कपकपी के लिए सेफ्ट्रिएक्सोन इंजेक्शन लगाया था। थोड़ी देर बाद ही कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। वार्ड में अफरा-तफरी मच गई।
MP NEWS: इंजेक्शन के सैंपल की जांच के लिए भेजा
नीमच एसडीएम लक्ष्मी गामड़ ने कहा, ड्यूटी स्टाफ ने सेफ्ट्रिएक्सोन इंजेक्शन के 50 वायल का बॉक्स खोलकर बच्चों को इंजेक्शन लगाया। सभी बच्चे एक दिन पहले जन्मे हैं। ये एंटीबायोटिक इंजेक्शन सुबह-शाम दिया जाता है। बॉक्स में रखे वायल में गड़बड़ी हो सकती है। यह जांच के बाद ही कंफर्म हो पाएगा। इंजेक्शन के सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा है।
