डिजिटल अरेस्ट करने की कोशिश की, वर्दी में देख काटा कॉल

MP NEWS: मध्यप्रदेश के इंदौर में साइबर ठगी करने की नीयत से वीडियो कॉल किया। जब कॉल अटैंड हुआ तो मोबाइल स्क्रीन पर सामने वाले शख्स को देखकर बदमाशों के होश उड़ गए। सामने खाकी वर्दी में इंदौर DCP बैठा था. जिसके बाद कॉल फौरन डिस्कनेक्ट कर दिया।
MP NEWS:DCP को डिजिटल अरेस्ट का कॉल
इंदौर के एडिशनल डीसीपी को डिजिटल अरेस्ट करने की कोशिश की गई। वे रविवार दोपहर करीब 2 बजे अपने दफ्तर में बैठे थे। तभी उन्हें एक कॉल आया। ये वॉइस कॉल था। कॉलर ने फोन पर कहा कि आपके क्रेडिट कार्ड से गलत तरीके से एक लाख 11 हजार रुपए 930 रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ है। इसकी एफआईआर दर्ज की गई है। अधिकारी समझ गए थे कि ये फ्रॉड का कॉल है। वे उनसे बात करते रहे। थोड़ी देर बाद स्टेटमेंट लेने के लिए अफसर को वीडियो कॉल किया गया। जिसमें सामने वर्दीधारी अफसर को देख कॉलर ने फोन डिस्कनेक्ट कर दिया।
MP NEWS:कहा- 2 घंटे में थाने आना पड़ेगा
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि मुझे एक ऑटोमैटेड कॉल आया। जिसमें बताया गया कि आपके क्रेडिट कार्ड का मिस यूज हुआ है। 2 घंटे के अंदर आपका बैंक अकाउंट बंद हो जाएगा। मुझे लगा कि यह डिजिटल अरेस्ट का मामला है। मैं उनसे बात करता रहा। पूछता रहा कि मुझे क्या करना होगा। उन्होंने बताया कि हम आपकी इतनी मदद कर सकते हैं कि आपको थाने में कनेक्ट करा देंगे। इसके बाद उन्होंने मुझे थाने में कनेक्ट करा दिया। वहां एक ठग ने पुलिस कर्मी बनकर बात की। बताया कि आपके आधार कार्ड का मिस यूज हुआ है। आपके खिलाफ अंधेरी वेस्ट में एफआईआर हुई है। आप मुंबई कब आए थे, मैंने जवाब दिया कि मैं तो 10 साल से मुबंई आया ही नहीं हूं। फिर उन्होंने कहा कि 2 घंटे में आपको थाने आना पड़ेगा। मैंने कहा- मैं इंदौर में रहता हूं। 2 घंटे में आना संभव नहीं है। उनका जवाब था कि हम आपकी हमारे अफसर से बात कराते हैं।
MP NEWS: पीएम ने मन की बात में भी किया आगाह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात रेडियो शो के 116वें एपिसोड में स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती, NCC दिवस, गयाना यात्रा, लाइब्रेरी जैसे मुद्दे पर बात की। पिछली बार की तरह पीएम मोदी ने कहा- हमें बार-बार लोगों को समझाना होगा कि सरकार में डिजिटल अरेस्ट का कोई प्रावधान नहीं है। यह एक खुला झूठ और लोगों को फंसाने की साजिश है।
