MP crime: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत समन्ना गांव में गुरुवार दोपहर को एक ऐसी सनसनीखेज घटना घटी, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया. जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने निर्मम तरीके से एक किशोर की बीच सड़क पे दिनदहाड़े हत्या की, और उसके मरने के बाद उसके सिर से मांस निकाल के खाया और उसका खून भी पिया. घटना के बाद गाँव में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल पनप गया है.

भाईदूज मनाने आया था किशोर
पुलिस ने बताया कि इमलिया चौकी क्षेत्र के अर्थखेड़ा गांव निवासी भरत विश्वकर्मा (16) अपनी बहन तमन्ना के घर समन्ना गांव भाईदूज का टीका लगवाने आया था. टीका कार्यक्रम के बाद वह मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहा था. इस दौरान गाँव का एक व्यक्ति, जिसका नाम गुड्डू पटेल बताया जा रहा है, ने अचानक भरत पर हमला कर दिया. उसने पहले लोहे की रॉड से किशोर के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद आरोपी पास से लोहे का हथौड़ा लाया और लगातार सिर पर वार करता रहा, जिससे किशोर की मौके पर ही मृत्यु हो गई.
हत्या के बाद किया वीभत्स कृत्य
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हत्या के बाद आरोपी ने किशोर के सिर से मांस निकालकर खाया और हाथों में खून भरकर भी पीया. इस दृश्य को देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई. गाँव के निवासियों ने जब आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागकर गांव के पास एक खेत में छिप गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खेत की घेराबंदी कर दी.
भीड़ हुई उग्र, आरोपी मुश्किल से चढ़ा पुलिस के हत्थे

घटना से आक्रोशित ग्रामीण आरोपी को पकड़ने के लिए खेत की ओर बढ़े और पथराव करने लगे. स्थिति इतनी अधिक तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को भी स्वयं को बचाने के लिए सतर्क रहना पड़ा. आरोपी भी खेत से ग्रामीणों और पुलिस पर पथराव कर रहा था तथा लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश कर रहा था. काफी मशक्कत के बाद पुलिस आरोपी को काबू में कर भीड़ से सुरक्षित निकालते हुए थाने पहुंचा पायी. अब तक आरोपी के इस कदम के पीछे की वजह सामने नहीं आ पाई है. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है.
