
MP Congress: मप्र कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित, जानिए किसे मिली क्या जिम्मेदारी?
MP Congress: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी का ऐलान हो गया है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की टीम में 17 उपाध्यक्ष और 71 महासचिव बनाये गए हैं। वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के बेटे को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। जयवर्धन सिंह को मध्य प्रदेश कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की नई टीम में 16 कार्यकारी सदस्य, 33 स्थाई आमंत्रित सदस्य और 40 विशेष आमंत्रित सदस्यों को भी जगह दी गयी है। बता दें कि दस महीने से मध्य प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी का इंतजार किया जा रहा था।
मध्य प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित

MP Congress: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल की तरफ से लिस्ट जारी हुई है। नई कार्यकारिणी में आरिफ मसूद, जयवर्धन सिंह, फूल सिंह बरैया, प्रियव्रत सिंह को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गयी है। वहीं, अभय दुबे, अनुमा आचार्य, आतिफ अकील, बाबू जंडेल को महासचिव बनाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, पूर्व मंत्री ओमकार मरकाम, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल, पूर्व विधायक कुणाल चौधरी, पूर्व विधायक निलांशु चतुर्वेदी, मनोज चौहान और भूपेन्द्र मरावी को भी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की टीम में जगह दी गई है।