MP BARISH: भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के संबंध में कहा है कि किसान भाई चिंता न करें, संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला कलेक्टर्स को मौसम के असमय बदलाव से हुए नुकसान का त्वरित आकलन करने के निर्देश दिए हैं।

MP BARISH: बारिश और ओलावृष्टि से प्रतिकूल प्रभाव पड़ा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के प्रभावित क्षेत्रों में हुई हानि के लिए तत्काल सहायता और राहत उपलब्ध कराई जाएगी। उल्लेखनीय है कि गत दिवस ग्वालियर-चंबल संभाग के विभिन्न जिलों तथा राजगढ़, रायसेन, बैतूल आदि जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
MP BARISH: किसानों के सामने आर्थिक संकट
मध्यप्रदेश के कई जिलों में अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। श्योपुर, अशोकनगर, गुना, दतिया, विदिशा और रायसेन सहित कई इलाकों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी और कटी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खासतौर पर गेहूं, सरसों और चने की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
