Reporter:- शशांक सोनकपुरिया
2 बाघों की मूवमेंट से ग्रामीणों में दहशत का माहौल,एक ही रात में किया 5 मवेशियों के शिकार, वनविभाग ने किया सतर्क रहने का आग्रह,रखी जा रही मूवमेंट पर नजर,वनविभाग की टीम मौके पर तैनात.
2 बाघों का मूवमेंट होने से दहशत का माहौल
मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में 2 बाघों का मूवमेंट होने की बात सामने आई है। इन बाघों ने जिले के चोपना क्षेत्र में एक किसान के 5 मवेशियों का शिकार किया घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने निगरानी शुरू कर दी है। वहीं विभाग द्वारा लगाए गए कैमरों में भी बाघों की मौजूदगी की पुष्टि हो गई है।
जिले से सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) से अक्सर वन्य प्राणी जिले में आ जाते हैं। इस बार भी एसटीआर से 2 बाघ बैतूल जिले के चोपना क्षेत्र के जंगल में पहुंच गए हैं। इन बाघों ने शनिवार रात पूंजी गांव के किसान दिलीप विश्वास की 5 गायों का शिकार कर लिया। किसान ने जब खेत पहुंचकर देखा तो तीन गाय खेत के पास पड़ी मिली, जबकि कुछ दूर झाड़ियों में दो गायों के शव क्षत विक्षत हालत में पाए गए।
वन विभाग को दी गई सूचना
किसान द्वारा घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। इस पर टीम मौके पर पहुंची एवं निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि शिकार बाघ ने ही किया है। मौके पर कई जगह बाघ के पगमार्क भी पाए गए हैं। निगरानी के लिए लगाए गए कैमरों में भी दो बाघों का मूवमेंट देखा गया है। इसे देखते हुए जंगल से सटे गांवों के लोगों को वन विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग की टीम भी लगातार बाघों की निगरानी कर रही है।
कैमरे में दो बाघों का मूवमेंट
वन विभाग की टीम जंगल में निगरानी कर रही है कई जगह नाइट विजन कैमरे भी लगाए गए ताकि वन्य प्राणी का पता लगाया जा सके। वहीं सुबह कैमरे में दो बाघों का मूवमेंट नजर आने पर आसपास के ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। यह पहली घटना है जिसमें एक ही रात में पांच गायों का शिकार किया गया है। वन विभाग के अधिकारी भी इसे बड़ी घटना मानते हुए सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए बाघों के मूवमेंट पर नजर रख रहे हैं।
