बारिश सिर्फ मौसम नहीं, मुसीबत बन गई
जब आसमान से बारिश की बूंदें गिरती हैं, तो किसान की आंखों में उम्मीद का पानी आता है। लेकिन जब यही बूंदें लगातार गिरती रहें, नदी-नाले उफान पर आ जाएं और शहरों की सड़कों पर नाव चलने लगे—तो ये मौसम नहीं, मुसीबत बन जाती है। भारत के कई हिस्सों में यही हो रहा है अभी।
राजस्थान: रेड अलर्ट और स्कूलों की छुट्टी
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम ने राजस्थान में आफत मचा दी है। मौसम विभाग ने 14 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है और 8 जिलों—झालावाड़, कोटा, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, बारां, डूंगरपुर, धौलपुर और अजमेर में स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं। कोटा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद ब्रजराज कॉलोनी और हरिजन बस्ती जलमग्न हो गए हैं। कई इलाकों में बिजली गिरने से मौतें भी हुई हैं।

पटना: पानी में डूबा जंक्शन, ठहर गईं ट्रेनें
पटना जंक्शन पर रविवार रात से हो रही भारी बारिश ने पूरी रेल व्यवस्था को थाम दिया है। रेलवे ट्रैक डूब चुके हैं, स्टेशन के बाहर 2 फीट पानी भर चुका है। पलामू एक्सप्रेस, गया-पटना मेमू, और इंटरसिटी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर फंसी हैं। यात्री घंटों से भूखे-प्यासे इंतज़ार कर रहे हैं, और प्लेटफॉर्म पर भी बारिश का पानी बह रहा है। पटना की मछुआ टोली और कंकड़बाग जैसे इलाकों में गलियां नदियों में तब्दील हो चुकी हैं।
ओडिशा: बाढ़ का कहर, गांव खाली कराए गए
ओडिशा में भारी बारिश के बाद सुवर्णरेखा, बैतरणी और जलाका नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा। भद्रक, बालासोर, जाजपुर, सुंदरगढ़ जैसे जिलों के गांवों में पानी भर गया और 1000 से ज्यादा लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है। मयूरभंज और क्योंझर में स्कूल बंद, सड़कों पर आवागमन पूरी तरह ठप और खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो गई है।

अन्य राज्यों की स्थिति
-
मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर। उज्जैन के रामघाट के मंदिर पानी में डूबे।
-
कर्नाटक के श्रृंगेरी में तुंगभद्रा नदी उफान पर, एक मंदिर पूरी तरह जलमग्न।
-
महाराष्ट्र के शाहपुर में एक मकान गिरा—55 वर्षीय व्यक्ति की मौत।
-
छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में तीन नदियों का पानी शहर में घुसा, 5000+ लोग प्रभावित।
-
हरियाणा के 12 जिलों में यलो अलर्ट, यमुनानगर में सबसे ज्यादा बारिश (470.8 मिमी)।
-
हिमाचल के कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला में अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी।
मौसम विभाग ने 28 जुलाई को उत्तराखंड, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिमी यूपी, असम, मेघालय, अरुणाचल, सिक्किम, नगालैंड, त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम जैसे राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
Read More:- PM मोदी की राजनीतिक यात्रा: मोदी ने इंदिरा गांधी का 48 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा!
Watch Now :- गाजीपुर में मिला तैरता हुआ ‘#रामशिला’ पत्थर! देखें #रहस्यमयी वीडियो
