पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। यह उनका दूसरा संन्यास है। इससे पहले 13 दिसंबर को पाकिस्तान के ऑलराउंडर इमाद वसीम ने भी इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था।
आमिर ने सोशल मीडिया पर किया संन्यास का ऐलान
मोहम्मद आमिर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “बहुत सोच-समझकर मैंने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। यह निर्णय मेरे लिए आसान नहीं था, लेकिन मैं इसे युवा पीढ़ी के लिए सही समय मानता हूं। मैं अपने करियर के दौरान मिले सपोर्ट के लिए PCB, अपने परिवार और दोस्तों का शुक्रगुजार हूं।”
आमिर ने इससे पहले 2021 में भी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। उस समय उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के मैनेजमेंट पर गंभीर आरोप लगाते हुए क्रिकेट छोड़ दिया था। लेकिन 2024 टी20 वर्ल्ड कप से पहले PCB में बदलाव के बाद उन्होंने अपना संन्यास वापस ले लिया और वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा बने।
टीम से बाहर किए जाने के बाद लिया फैसला
2024 टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के कारण पाकिस्तान टीम का सफर जल्दी समाप्त हो गया था, और आमिर को वर्ल्ड कप के बाद टीम से बाहर कर दिया गया। हाल ही में खबरें आई थीं कि आमिर 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने की इच्छा रखते हैं, लेकिन उन्हें टीम चयन में नजरअंदाज किया गया। टीम के दरवाजे बंद होते देख उन्होंने संन्यास का निर्णय ले लिया।
मोहम्मद आमिर का इंटरनेशनल करियर
मोहम्मद आमिर ने पाकिस्तान के लिए तीनों प्रारूपों में क्रिकेट खेला और बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने टेस्ट मे 36 मैच खेलकर 119 विकेट हासिल किया है, वनडे में 61 मैच खेलकर 81 विकेट और 62 टी20 मैच में 71 विकेट लिया है
आमिर को उनके स्विंग और गति के लिए जाना जाता है। 2010 में फिक्सिंग विवाद के कारण उन्हें पांच साल का प्रतिबंध झेलना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने 2016 में वापसी की और टीम के लिए कई यादगार प्रदर्शन किए।
अब खेलेंगे विदेशी लीग्स
इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद आमिर अब दुनियाभर में टी20 और टी10 लीग्स खेलते रहेंगे। उनका कहना है कि वह अपनी ऊर्जा अब इन लीग्स में लगाएंगे और क्रिकेट के प्रति अपना प्यार बरकरार रखेंगे।
