मेलबर्न टेस्ट में भारतीय टीम पहली पारी में संकट में थी, लेकिन ऋषभ पंत अपने आक्रामक अंदाज में शॉट खेलने से नहीं रुके। यही तरीका उनके लिए भारी पड़ा और वह 28 रन बनाकर आउट हो गए। आमतौर पर पंत अपने अजीबोगरीब शॉट्स से विपक्षी टीम को चौंकाते हैं, लेकिन इस बार ऑस्ट्रेलिया की टीम उन पर भारी पड़ गई।
भारतीय टीम को फॉलोऑन बचाने थे 85 रन
पंत का विकेट ऐसे समय पर गिरा जब भारत को फॉलोऑन से बचने के लिए 85 रन और बनाने थे। उनकी इस गलती के चलते सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है। दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने भी कमेंट्री के दौरान पंत की आलोचना करते हुए उनके लिए ‘बेवकूफ’ शब्द का इस्तेमाल किया।
जडेजा-पंत ने संभाली थी भारतीय पारी
मैच के तीसरे दिन ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा ने 164 रनों के स्कोर से भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में नजर आ रहे थे और उनके शॉट्स से ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के चेहरे पर निराशा साफ दिखाई दे रही थी। लेकिन, क्रीज पर सेट होने के बावजूद पंत ने अपना विकेट गैरजिम्मेदाराना तरीके से गंवा दिया।
कैसे आउट हुए पंत?
स्कॉट बोलैंड की गेंद पर पंत ने रैंप शॉट खेलने की कोशिश की, जिसमें वह नाकाम रहे। अगली ही गेंद पर उन्होंने वही गलती दोहराई और नाथन लायन के हाथों कैच आउट हो गए। पंत ने 28 रन बनाए और उनके आउट होने से भारतीय टीम दबाव में आ गई।
सुनील गावस्कर ने क्या कहा?
कमेंट्री के दौरान सुनील गावस्कर ने पंत के शॉट की कड़ी आलोचना करते हुए कहा, “बेवकूफी की भी हद होती है। वहां दो फील्डर खड़े हैं, फिर भी आप वही शॉट खेल रहे हैं। आपने पिछला शॉट मिस किया था और अब देखिए, किस फील्डर ने आपका कैच पकड़ा। इसे मुफ्त में विकेट देना कहते हैं। आप इसे नेचुरल गेम नहीं कह सकते। यह आपका नेचुरल गेम नहीं, बल्कि बेवकूफों वाला शॉट है। आपने अपनी टीम को निराश किया है और आपको परिस्थितियों को बेहतर समझना चाहिए।”
पंत के इस गैरजिम्मेदाराना शॉट के कारण भारतीय टीम दबाव में आ गई है और उनके प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे हैं।
