राष्ट्रपति,प्रधानमंत्री समेत कई नेता होंगे अंत्येष्टि में शामिल

Manmohan Singh Funeral update:पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा दिल्ली के निगम बोध घाट के लिए शुरू हो गई है। उनका पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय से रवाना हुआ और शव यात्रा में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और हजारों की संख्या में लोग शामिल हैं। मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, और अन्य महत्वपूर्ण नेता जैसे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, तथा तीनों सेना प्रमुख और कैबिनेट सचिव भी शामिल होंगे। गृह मंत्रालय ने पूर्व प्रधानमंत्री का संस्कार निगम बोध घाट पर 11.45 बजे आयोजित करने का निर्णय लिया है।
पूर्व प्रधानमंत्री का पार्थिव शरीर पहुंच कांग्रेस मुख्यालय

Manmohan Singh Funeral: खबर दिल्ली से है जहां भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय पहुंच चुका है, जहां पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, और कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी।
चंदन की लकड़ी का होगा उपयोग
Manmohan Singh Funeral:मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार का आयोजन 28 दिसंबर को दिल्ली के निगमबोध घाट पर किया जाएगा। गृह मंत्रालय ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार 11:45 बजे चंदन की लकड़ी से होगा और यह प्रक्रिया वीआईपी घाट पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होगी।
निगमबोध घाट पर किया जाएगा अंतिम संस्कार

Manmohan Singh Funeral: पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर कांग्रेस ने विरोध जताया है, खासकर निगमबोध घाट को अंतिम संस्कार स्थल के रूप में चुनने पर। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार ने पूर्व पीएम के सम्मान में स्मारक बनाने के लिए भूमि का चयन नहीं किया, जिससे देश के पहले सिख पीएम का अपमान हुआ है। हालांकि, गृह मंत्रालय ने सूचित किया कि सरकार स्मारक निर्माण का निर्णय ले चुकी है और इसकी उचित जगह का चयन कुछ समय में किया जाएगा।
विश्व भर के नेताओं ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया

Manmohan Singh Funeral:डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर दुनियाभर के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान, मालदीव, और नेपाल के नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
26 दिसंबर को हुआ था पूर्व प्रधानमंत्री का निधन
Manmohan Singh Funeral: मनमोहन सिंह का निधन 26 दिसंबर को हुआ था। वे 92 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका निधन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में हुआ। सरकार ने उनके निधन पर सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है, जिसके तहत राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
