विधायकों के घरों पर हमले में अब तक 34 गिरफ्तार
मणिपुर सरकार ने सात जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध को दो और दिनों के लिए बढ़ा दिया है। इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, काकचिंग, बिष्णुपुर, थौबल, चूड़ाचंदपुर और कांगपोकपी जिलों में 16 नवंबर को पहले दो दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं।
मणिपुर में हिंसा जारी है। इसे देखते हुए प्रतिबंध को लगातार बढ़ाया जा रहा है। गृह विभाग ने नोटिस जारी किया है। इससे पहले 19 नवंबर को सरकार ने ब्रॉडबैंड सेवाओं पर लगी रोक हटा ली थी। ताकि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, सरकारी दफ्तरों का काम बंद न हो।
वहीं, 16 नवंबर को दो और लोगों को विधायकों के घरों में तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने अब तक 34 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, और लोगों की तलाश की जा रही है। इसके लिए इंफाल में तलाश जारी है।
11 नवंबर को जिरिबाम में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 10 कुकी-जो आतंकवादी मारे गए थे। इसके बाद मैतेई समुदाय की तीन महिलाओं और तीन बच्चों का अपहरण कर लिया गया। इसके बाद से 7 जिलों में हिंसा जारी है। मणिपुर में जिरी नदी और असम के कछार में बराक नदी से अपहृत महिलाओं और बच्चों के शव पाए गए।
