Man murders maternal grandpa: राजस्थान के बारां जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां महज ₹2000 के लिए एक युवक ने अपने ही नाना की निर्मम हत्या कर दी। सारथल थाना क्षेत्र में हुए इस ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतक का ही दोहिता निकला।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। यह घटना 27 मार्च 2026 की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

कुएं में मिला शव, पैर बंधे होने से गहराया शक
मृतक बद्रीलाल (80) अपने खेत पर बने चबूतरे पर पूजा-पाठ करने के बाद वहीं सोते थे। 26 मार्च की रात भी वह खेत पर ही रुके थे। अगले दिन सुबह जब परिजन चाय लेकर पहुंचे तो उनका शव कुएं में पड़ा मिला।
शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और पैर बंधे हुए थे, जिससे साफ तौर पर हत्या की आशंका जताई गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की।
तकनीकी जांच से खुला राज, आरोपी बस स्टैंड से गिरफ्तार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने साइबर सेल, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। करीब 100 से अधिक स्थानों पर जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने संदिग्ध रणजीत (25) को अकलेरा बस स्टैंड से हिरासत में लिया।
कड़ी पूछताछ में रणजीत ने अपने ही नाना की हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया।

₹2000 नहीं देने पर उतारा मौत के घाट
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रणजीत ने अपने नाना से ₹2000 की मांग की थी। पैसे देने से इनकार करने पर वह गुस्से में आ गया और पत्थर से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी।
इसके बाद उसने सबूत मिटाने के लिए शव के पैर बांधकर कुएं में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कई दिनों से इस वारदात की योजना बना रहा था और घटना वाली रात उसने मौके का फायदा उठाया, जब नानी घर पर नहीं थी।
पहले से आपराधिक रिकॉर्ड, इलाके में दहशत
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही झालावाड़ जिले के विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के चार मामले दर्ज हैं।
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी सामने आ सके।
