maihar congress protest: मैहर में शुक्रवार सुबह कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान हालात अचानक बेकाबू हो गए। पुतला दहन के वक्त भड़की आग की चपेट में ट्रैफिक टीआई विक्रम सिंह पाठक आ गए। उन्हें गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल ICU में इलाज चल रहा है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.यह पूरा घटनाक्रम सुबह करीब 9.30 बजे मैहर में हुआ, जब कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन के दौरान मंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और पुलिस हालात संभालने की कोशिश कर रही थी।
maihar congress protest: पुतला दहन के दौरान भड़की आग
कांग्रेस का यह प्रदर्शन प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ था। आरोप है कि उन्होंने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे थे, जिसके विरोध में कांग्रेस सड़कों पर उतरी.पुलिस के मुताबिक, पुतला दहन के दौरान आग अचानक तेज हो गई। उसी समय ट्रैफिक टीआई विक्रम सिंह पाठक मौके पर स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे। चंद पलों में आग उनकी वर्दी तक पहुंच गई और वे बुरी तरह झुलस गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
Also Read-AI Impact Summit-2026: एआई इम्पैक्ट समिट-2026 में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
maihar congress protest: ICU में भर्ती
मैहर के सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार टीआई विक्रम सिंह की कमर, पीठ, जांघ और हाथ झुलसे हुए हैं। हालत को देखते हुए उन्हें ICU में रखा गया है। जरूरत पड़ने पर जिला अस्पताल या जबलपुर रेफर किए जाने की भी संभावना जताई गई है.प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब टीआई की वर्दी में आग लगी हुई थी, तब पुलिसकर्मी उन्हें बचाने में जुटे थे, जबकि प्रदर्शन स्थल पर नारेबाजी जारी थी। इस पूरे दृश्य के वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी सामने आ रहे हैं।
मामले की जांच जारी
घटना के बाद मैहर एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है। सार्वजनिक स्थानों पर पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल खतरनाक हो सकता है और इससे आम लोगों की जान भी जोखिम में पड़ती है। उन्होंने बताया कि वीडियो फुटेज और गवाहों के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी.वहीं कलेक्टर रानी बाटड़ ने भी कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान यह घटना हुई है। जांच जारी है और जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई तय है।
