Mahoba News: देशभर में डॉक्टरों पर हमले की बढ़ती घटनाओं के बीच उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद से एक गंभीर मामला सामने आया है। जिला अस्पताल में तैनात सरकारी डॉक्टर पंकज राजपूत से अज्ञात बदमाश ने मोबाइल फोन पर रंगदारी की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी है। डॉक्टर को पहले भी धमकी मिल चुकी है, लेकिन इस बार 25 से 30 लाख रुपये की भारी रकम की डिमांड ने उन्हें भयभीत कर दिया है।

Mahoba News: शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई
डॉक्टर पंकज राजपूत महोबा जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ईएमओ के पद पर कार्यरत हैं और अस्पताल परिसर में बने सरकारी आवास में अकेले रहते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें लगातार मोबाइल फोन पर अज्ञात नंबरों से धमकियां मिल रही थीं, जिन्हें पहले उन्होंने किसी की शरारत समझकर नजरअंदाज कर दिया। मगर अब जब सीधे 25 से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और न देने पर जान से मारने की चेतावनी दी गई, तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया और शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
Mahoba News: आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा
डॉ. पंकज ने यह भी बताया कि बीते 23 जुलाई को उनके आवास के बाहर खड़ी कार में अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ की थी और उसमें रखा सामान भी चोरी कर लिया था। अब दोबारा रंगदारी की मांग और जान से मारने की धमकी ने उन्हें मानसिक रूप से बेहद परेशान कर दिया है। उन्होंने बताया कि यह कोई सामान्य धमकी नहीं है, बल्कि किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा लग रही है। अस्पताल स्टाफ में भी इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है। साथी कर्मचारियों का कहना है कि अगर डॉक्टर ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा।
Mahoba News: कार्यरत लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके
फिलहाल शहर कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडे ने पीड़ित डॉक्टर को सुरक्षा का आश्वासन देते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की बात कही है। डॉक्टर ने शासन-प्रशासन से भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर कार्यरत लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
