भोपाल, जबलपुर समेत कई जिलों में मानूसन जैसी बारिश

rain in mp: मध्यप्रदेश के कई शहरों में मावठे की एंट्री हो गई है. उज्जैन, भोपाल, जबलपुर, सागर समेत कई शहरों में मॉनसून जैसी बौछारें पड़ रही हैं.
MP में मावठ की एंट्री
rain in mp:मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश में मावठे की बारिश की पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी. वहीं शुक्रवार के बाद शनिवार सुबह भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम और सतना में अनेकों स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की गई है. कई स्थानों पर ओले गिरने की भी खबरें हैं. किसानों की कई फसलों के लिए मावठे की बारिश चिंता का सबब भी बन सकती है.
rain in mp:ठंड के बीच एमपी में बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से तेजी से आ रही नमी और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के साथ सक्रिय हुए साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से एमपी में बारिश हो रही है. कई संभागों में ओले गिरने के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.. भोपाल, इंदौर, सागर, जबलपुर और नर्मदापुरम में ओले गिरने की ज्यादा संभावना है.
rain in mp:भोपाल में आधी रात से बारिश जारी
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार देर रात जोरदार बारिश हुई. शुक्रवार को दिन के वक्त बादल छाए होने से बारिश की उम्मीद की जा रही थी. वहीं कई इलाकों में मावठे की इस बारिश ने लोगों को मॉनसून की याद दिला दी. देर रात बारिश होने से शनिवार को दिन के अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है. इससे कोल्ड डे जैसा एहसास होगा.
rain in mp:जबलपुर में ओले और बारिश से शुरुआत
जबलपुर शहर समेत संभाग के कई जिलों में शनिवार की सुबह मावठे की बारिश के साथ हुई. सुबह 7 बजे से शहर में तेज बौछारें पड़ना शुरू हुईं, वहीं कई बाहरी इलाकों में ओले गिरने की भी सूचना मिली है. जबलपुर में मावठे की बारिश और ओलावृष्टि से यहां पैदा होने वाली मटर की फसल को नुकसान का अंदेशा है.
rain in mp:सतना में जमकर बरस रहे बदरा
मध्य प्रदेश के सतना और मैहर जिले में आज सुबह 6.30 बजे से गरज चमक के साथ तेज बारिश हो रही है. मावठे की बारिश को लेकर मौसम विभाग के अधिकारी आरके श्रीवास्तव ने बताया, ” सुबह 6:30 बजे से तकरीबन 1 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है, किसानों की कुछ फसलों के लिए ये बारिश लाभकारी हो सकती है. हालांकि, कुछ फसलों को इससे नुकसान भी हो सकता है. जनवरी 2025 के पहले सप्ताह में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं. बारिश खत्म होते ही शीतलहर और कोहरे का प्रकोप बढ़ेगा. ऐसे में लोगों को सावधानी रखने की आवश्यकता है.”
rain in mp:उज्जैन में शुक्रवार से तेज बारिश
बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में भी मावठा ऐसा गिरा, जैसे देवराज इंद्र खुद महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंचे हों. यहां एक से डेढ़ घंटे की तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया. वहीं पावरकट होने से कई इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति निर्मित हो गई. शनिवार को भी यहां बादल छाए रहने के साथ दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट देखने मिल सकती है.
rain in mp:यहां और बारिश की संभावना?
मौसम विभाग की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक मावठे का असर प्रदेश के अधिकांश जिलों में देखने को मिल रहा है. राजधानी भोपाल के साथ-साथ जबलपुर, सतना, विदिशा, रायसेन, सीहोर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, टीकमगढ़, निवाड़ी में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी व तेज बौछारें पड़ेंगी. वहीं रविवार 28 दिसंबर को तेज गरज चमक के साथ बारिश और ओलवृष्टि की संभावना है. अगले 48 घंटों के बाद बादल छटते ही ठंड अपना रौद्र रूप दिखाएगी.
rain in mp:क्या होता है मावठा?
मावठा ठंड के मौसम में होने वाली बारिश को कहते हैं. आम बोलचाल में इसे मावठे की बारिश या मावठा गिरना भी कहते हैं. मावठे की बारिश यानी विंटर रेनफॉल दिसंबर से जनवरी के बीच होती है. कई बार मावठे की ज्यादा बारिश होने से फसलों को नुकसान होता है. मावठे के बाद अगर पाला पड़ जाए तो फसलें नष्ट भी हो जाती हैं.
