MP BJP new president 2025: मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है… सूत्रों के मुताबिक पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने नाम लगभग फाइनल कर लिया है… सिर्फ औपचारिक ऐलान बाकी है। पहले यह घोषणा जनवरी में होनी थी लेकिन अब अप्रैल का आधा महीना बीत चुका है और घोषणा अब तक नहीं हुई। हालांकि इस बार देरी की मुख्य कारण ज़िला अध्यक्षों के चुनाव बताए जा रहे थे जो कि अब पूरे हो चुके हैं।
प्रदेश अध्यक्ष के चयन में संगठनात्मक और जातीय समीकरणों को साधना एक बड़ी चुनौती बन गया है। वर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा के विकल्प की तलाश भी पार्टी के लिए आसान नहीं रही है। संगठन की गतिविधियां लगातार जारी हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर अंतिम निर्णय तक पहुंचने में वक्त लगा है।
इसी महीने आला कमान कर सकता है प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान
पार्टी सूत्रों की मानें तो इसी महीने नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान कर दिया जाएगा। इस बार महिला कोटे से अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना कम नजर आ रही है। कहा जा रहा है कि नया अध्यक्ष सामान्य वर्ग से होगा, जो पार्टी की जातीय संतुलन की रणनीति का हिस्सा है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के लिए ये नाम रेस में सबसे आगे
प्रदेश अध्यक्ष पद की रेस में कई दिग्गज नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इनमें पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, बीजेपी विधायक हेमंत खंडेलवाल, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सबसे आगे माने जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इन्हीं में से किसी एक नाम पर पार्टी मुहर लगा सकती है, हालांकि अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
क्या वीडी शर्मा बने रहेंगे प्रदेश अध्यक्ष?
वहीं एक अन्य संभावना यह भी जताई जा रही है कि पार्टी वर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा को फिर से मौका दे सकती है। नरोत्तम मिश्रा भी एक मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं और पार्टी उन्हें संगठन में कोई बड़ी भूमिका देना चाहती है। अरविंद भदौरिया और बृजेंद्र प्रताप सिंह भी संगठनात्मक अनुभव के चलते रेस में हैं, जबकि हेमंत खंडेलवाल की गिनती पार्टी के आर्थिक प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वालों में होती है।
इन नामों में भी जताई जा रही संभावनाएं
MP BJP new president 2025: एसटी और एससी वर्ग से भी कुछ नाम सामने आए हैं। एसटी वर्ग में गजेंद्र पटेल, सुरेंद्र सोलंकी और फग्गन सिंह कुलस्ते का नाम लिया जा रहा है वहीं एससी वर्ग से लाल सिंह आर्य, संध्या राय और हरिशंकर खटीक प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। महिला वर्ग से कविता पाटीदार, अर्चना चिटनिस और लता वानखेड़े के नाम चर्चा में हैं, लेकिन इस बार महिला प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना बेहद कम है।
