Madhya Pradesh Foundation Day 2025 : मध्य प्रदेश 1 नवंबर को अपना 70वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर राजधानी भोपाल में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल का लाइव म्यूजिकल परफॉर्मेंस होगा, जो शाम को लाल परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस वर्ष की थीम ‘विरासत से विकास यात्रा’ रखी है, जिससे प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और विकासात्मक पहचान को दर्शाया जाएगा।
2 हजार ड्रोन से ‘विरासत से विकास यात्रा’
कार्यक्रम में 2 हजार ड्रोन से सजा आसमान प्रदेश की गौरवशाली यात्रा की झलक पेश करेगा। यह ड्रोन शो राज्य की ऐतिहासिक धरोहर, प्रमुख परियोजनाओं, विकास कार्यक्रमों और सांस्कृतिक विविधता को उजागर करेगा। ड्रोन लाइट शो के माध्यम से दर्शकों को मध्य प्रदेश की 70 वर्षीय यात्रा का अद्भुत अनुभव मिलेगा। इससे पहले भी इस तरह का आयोजन ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ में किया जा चुका है, लेकिन इस बार इसे और बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है।
READ MORE :आस्था और उल्लास के बीच मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी
पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
प्रमुख आकर्षण पर्यटन विभाग द्वारा शुरू की जा रही नई हेलिकॉप्टर सेवा होगी। यह सेवा ‘एम.पी. टूरिज्म स्काई व्यू’ के तहत प्रारंभ की जाएगी, जिसके जरिए पर्यटक भोपाल, खजुराहो, पचमढ़ी, ओरछा और उज्जैन जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के हवाई दर्शन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा इस सेवा का शुभारंभ किया जाएगा, जिसका उद्देश्य राज्य के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करना है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
स्थापना दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कलाकार पारंपरिक लोकनृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। गोंड और भील जनजाति के कलाकार अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे, वहीं युवा कलाकार नृत्य और संगीत के माध्यम से ‘नए मध्य प्रदेश’ की पहचान को सामने रखेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश की उपलब्धियों पर एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की जाएगी।
मुख्यमंत्री देंगे विकास परियोजनाओं का उपहार
मुख्यमंत्री द्वारा इस अवसर पर कई विकास योजनाओं और परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया जाएगा, जिनमें नई सड़क परियोजनाएं, औद्योगिक निवेश योजनाएं और शिक्षण संस्थानों की घोषणाएं शामिल हैं। सरकार का प्रयास है कि स्थापना दिवस केवल औपचारिक उत्सव न होकर विकास संकल्प का प्रतीक बने।
सुरक्षा और व्यवस्था की विशेष तैयारी
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। पुलिस, होमगार्ड और स्वेच्छासेवक टीमों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में आवागमन के लिए रूट प्लान जारी किया है जिससे नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
नागरिकों में उत्सव का उत्साह
इस आयोजन को लेकर प्रदेशवासियों में उत्साह है। शहर के मुख्य चौक, सरकारी इमारतें और स्मारक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाए गए हैं। शिक्षण संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में पूरे सप्ताह सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं और आयोजन किए जा रहे हैं।
