Lucknow police encounter: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश के पैर में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया, और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान अर्जुन रावत के रूप में हुई है, जो आशियाना थाना क्षेत्र के किला मोहम्मदी इलाके का निवासी है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
महिलाओं से लूटपाट की कबूली वारदात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला लखनऊ के PGI क्षेत्र का है। पूछताछ के दौरान आरोपी रावत ने इलाके में महिलाओं से लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि उन्होनें उसके पास से एक महिला से लूटा गया मोबाइल फोन, काली पल्सर बाइक, तमंचा, खोखा और कारतूस बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है।
चेकिंग के दौरान की भागने की कोशिश, पुलिसकर्मियों पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, 22 मार्च की रात PGI के सैनिक विहार इलाके में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। हालांकि, वह पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसकी घेराबंदी कर पीछा शुरू किया। खुद को घिरा देख आरोपी ने बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।

20 मार्च की चेन लूट का हुआ खुलासा
मुठभेड़ में घायल होने के बाद आरोपी ने पूछताछ में 20 मार्च को सेनानी विहार इलाके में एक महिला से चेन लूटने की वारदात कबूल की। इस मामले में आशियाना निवासी प्रीति सिंह ने FIR दर्ज कराई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही थी, जो अब मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने बताया कि आरोपी का इलाज चल रहा है और ठीक होने के बाद उससे और पूछताछ की जाएगी। फिलहाल इस कार्रवाई को लखनऊ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय लुटेरों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
