lucknow ats raid terror links: दिल्ली में हुए धमाके के बाद मंगलवार दोपहर लखनऊ के लालबाग इलाके में अचानक ATS और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम पहुंची। चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। खबर फैली कि टीम डॉक्टर शाहीन शाहिद के घर पहुंची है, वही शाहीन, जिसे फरीदाबाद से J&K पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया था।

शाहीन पर आरोप है कि उसका कनेक्शन डॉक्टर मुजम्मिल शकील से है, जो आतंकी संगठन से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी कार से AK-47 राइफल, पिस्टल और कई कारतूस बरामद किए हैं। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियों ने देशभर में अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
घर पर अचानक छापा, पिता से पूछताछ
मंगलवार दोपहर जब ATS टीम शाहीन के लखनऊ स्थित घर पहुंची, तो वहां उसके पिता सईद अंसारी मौजूद थे। इलाके के लोगों ने बताया कि करीब तीन घंटे तक घर में तलाशी चली। टीम ने हर कमरे की बारीकी से जांच की, यहां तक कि पुराने फाइल और डिजिटल डिवाइस तक खंगाले गए।
पास-पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की गई। लखनऊ पुलिस ने इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी है।
भाई डॉक्टर परवेज पर भी शिकंजा
शाहीन के भाई डॉ. परवेज अंसारी पर भी शक गहराने लगा है। पुलिस ने उनके मड़ियांव स्थित घर पर छापा मारा। जब टीम पहुंची तो गेट बंद था। ताला तोड़कर अधिकारी अंदर दाखिल हुए और करीब तीन घंटे तक तलाशी चलती रही।
डॉ. परवेज लखनऊ की इंटीग्रल मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर थे, लेकिन हैरानी की बात यह है कि उन्होंने सिर्फ एक हफ्ता पहले ही नौकरी से इस्तीफा दे दिया। उनके पास सहारनपुर में भी एक क्लिनिक है। पुलिस को घर से कई दस्तावेज़, लैपटॉप, मोबाइल, हार्डड्राइव और एक कार मिली, जिस पर इंटीग्रल यूनिवर्सिटी का पास लगा था।

टीम ने इन सबकी जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट में बताया गया है कि कार सहारनपुर से खरीदी गई थी। इन सभी सुरागों के आधार पर पुलिस ने डॉ. परवेज को हिरासत में लिया है।
Read More:- सरकारी बैंकों के विलय की संभावना
