Lifestyle Desk: दिवाली का त्योहार हो और घर में मिठाइयां न बनें, ऐसा कम ही होता है। इस मौके पर ज्यादातर घरों में गुजिया, लड्डू और कई तरह के पकवान तैयार किए जाते हैं। लेकिन अगर आप इस बार मेहमानों को कुछ अलग खिलाना चाहते हैं, तो चंद्रकला मिठाई बना सकते हैं।

यह मिठाई दिखने में गुजिया जैसी होती है, लेकिन इसका स्वाद और बनाने का तरीका इसे खास बनाता है। बाहर से कुरकुरी और अंदर से मावे की मुलायम भरावन वाली चंद्रकला को तलने के बाद चाशनी में डुबोया जाता है। इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी।
चंद्रकला बनाने के लिए जरूरी सामग्री
बाहरी परत के लिए:
-
मैदा – 2 कप
-
घी – 4 बड़े चम्मच
-
पानी – जरूरत के अनुसार
-
तलने के लिए तेल या घी
भरावन के लिए:
-
मावा – 1 कप
-
बूरा या पिसी चीनी – आधा कप
-
बादाम – 2 बड़े चम्मच
-
काजू – 2 बड़े चम्मच
-
किशमिश – 1 बड़ा चम्मच
-
इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच
चाशनी के लिए:
-
चीनी – 1 कप
-
पानी – आधा कप
-
केसर – 2-3 धागे
-
इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच
इस तरह तैयार करें मावे की भरावन
सबसे पहले एक कड़ाही में मावा डालकर धीमी आंच पर हल्का भून लें। जब इसमें से अच्छी खुशबू आने लगे और रंग थोड़ा बदल जाए, तो गैस बंद कर दें। मावे को ठंडा होने दें। अब इसमें पिसी चीनी, कटे हुए बादाम, काजू, किशमिश और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। इस तरह चंद्रकला की भरावन तैयार हो जाएगी।
चंद्रकला बनाने का तरीका
एक बड़े बर्तन में मैदा और घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त लेकिन मुलायम आटा गूंथ लें। आटे को गीले कपड़े से ढककर करीब 20 मिनट के लिए रख दें। इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पूरी की तरह बेल लें। एक पूरी के बीच में मावे की भरावन रखें। किनारों पर हल्का पानी लगाकर दूसरी पूरी से ढक दें। दोनों के किनारों को अच्छी तरह दबाकर बंद करें। चाहें तो किनारों पर हल्की प्लीट बनाकर चंद्रकला जैसा आकार दे सकते हैं। अब कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। तैयार चंद्रकला को धीमी से मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। ध्यान रखें कि आंच बहुत तेज न हो, वरना मिठाई बाहर से जल्दी पक जाएगी और अंदर से कच्ची रह सकती है।
चाशनी में डुबोकर करें तैयार

एक पैन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें। चीनी घुलने के बाद इसमें केसर और इलायची पाउडर डाल दें। चाशनी को हल्का चिपचिपा होने तक पकाएं। इसके लिए एक तार की चाशनी बनाने की जरूरत नहीं है। अब तली हुई चंद्रकला को हल्की गर्म चाशनी में 2-3 मिनट तक डुबोकर रखें। इसके बाद इन्हें निकालकर प्लेट में रख दें। ऊपर से कटे हुए पिस्ता या बादाम डालकर सजा सकते हैं।
मिठाई बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
-
आटा ज्यादा नरम न गूंथें, इससे मिठाई का आकार बिगड़ सकता है।
-
मावे को भूनने के बाद पूरी तरह ठंडा करके ही उसमें चीनी मिलाएं।
-
भरावन जरूरत के मुताबिक रखें, ताकि तलते समय चंद्रकला खुले नहीं।
-
मिठाई को धीमी से मध्यम आंच पर तलें, जिससे वह अंदर तक अच्छी तरह पक सके।
-
चाशनी ज्यादा गाढ़ी न बनाएं, वरना मिठाई पर इसकी मोटी परत जम सकती है।
-

इन आसान तरीकों को अपनाकर आप इस दिवाली घर पर स्वादिष्ट चंद्रकला मिठाई बना सकते हैं और मेहमानों को कुछ नया परोस सकते हैं।