Latehar Adiwasi CM Soren: आदिवासी अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले लातेहार के प्रमुख कार्यकर्ता लालमोहन सिंह खेरवार इन दिनों गंभीर स्वास्थ्य संकट से जूझ रहे हैं। कई महीनों से फेफड़ों के गंभीर इन्फेक्शन से पीड़ित लालमोहन वर्तमान में रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के ICU में भर्ती हैं। उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, और इलाज में कई खामियों की शिकायतें सामने आई हैं।
मुफ्त दवाईयों की मांग
सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के अनुसार, लालमोहन को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराने के बजाय उनके परिजनों को बाहर से महंगी दवाएं खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इसके अलावा, अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा उचित ध्यान न दिए जाने की बात भी सामने आई है। लालमोहन लंबे समय से आदिवासी समुदाय के हक और अधिकारों के लिए आवाज उठाते रहे हैं। उनकी सक्रियता ने लातेहार और आसपास के क्षेत्रों में आदिवासी समुदाय के बीच जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “लातेहार के कलेक्टर तत्काल संज्ञान लें एवं लालमोहन जी को हर जरूरी सुविधा मुहैया कराते हुए सूचना दें।”
.@LateharDistrict तत्काल संज्ञान लें एवं लालमोहन जी को हर जरूरी सुविधा मुहैया कराते हुए सूचना दें। https://t.co/dYMQFTrOS9
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) May 8, 2025
Latehar Adiwasi CM Soren: बेहतर इलाज के दिए दिर्देश
सीएम के इस निर्देश के बाद लातेहार जिला प्रशासन ने सक्रियता दिखाई है। लातेहार जिला प्रशासन की ओर से X पर दी गई जानकारी के अनुसार, RIMS प्रबंधन को लालमोहन के बेहतर इलाज के लिए निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, जिला स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को हर घंटे उनकी स्थिति की निगरानी करने और रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया है।
आदिवासी संगठनों ने की मांग
लालमोहन सिंह खेरवार के समर्थकों और आदिवासी संगठनों ने सरकार से मांग की है कि उनकी स्थिति को प्राथमिकता दी जाए और उन्हें तत्काल उचित चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएं। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। समाज के सभी वर्गों से लालमोहन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
