यूका के जहरीले कचरे पर लिया बड़ा फैसला

CM EMERGENCY MEETING: राजधानी भोपाल की यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री के जहरीले कचरे को पीथमपुर में जलाए जाने के व्यापक विरोध के बाद मोहन सरकार ने देर रात मंत्रियों और अधिकारियों के साथ की बैठक.जिसमें बड़ा फैसला लिया गया.
CM EMERGENCY MEETING: सीएम मोहन ने बुलाई आपात बैठक
सीएम डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार देर रात यूनियन कार्बाइड के कचरे और पीथमपुर की घटना को लेकर आपात बैठक बुलाई. बैठक के दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा, ” जनता का किसी भी प्रकार अहित हो, यह बर्दाश्त नहीं करेंगे. हम ये मामला कोर्ट के सामने लाएंगे और कोर्ट के आदेश के बाद ही अब आगे बढ़ेंगे. राज्य सरकार जनता के साथ खड़ी है और उनकी भावनाओं की कद्र करती है. ”
CM EMERGENCY MEETING: सीएम ने जनता से की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसके साथ ही पीथमपुर के नागरिकों से अपील की है कि वे यूनियन कार्बाइड से जुड़ी झूठी अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही ऐसी अफवाहों को आगे बढ़ने दें. सरकार कोई भी ऐसा कदम नहीं उठा सकती, जिससे लोगों का जीवन खतरे में पड़े.
CM EMERGENCY MEETING: कोर्ट ने दी थी 4 जनवरी की डेडलाइन : सीएम
सीएम डॉ. यादव ने कहा, ” मध्यप्रदेश सरकार जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली सरकार है. हम हमेशा जनता के हित को लेकर आगे बढ़े हैं. यूनियन कार्बाइड के वेस्ट को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और हाईकोर्ट के आदेश का हमने परिपालन किया था. कोर्ट ने इसके लिए 4 जनवरी तक कचरा निर्धारित स्थान तक पहुंचाने और 6 जनवरी को रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा था.” मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में जनता तक यह विषय पहुंचना चाहिए.
CM EMERGENCY MEETING: पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ दर्ज किया FIR
मध्य प्रदेश पुलिस ने धार के पीथमपुर में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ 5 मामले दर्ज किए हैं, जिन्होंने अपने शहर में भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े 337 टन जहरीले कचरे के डिस्पोज करने का विरोध किया था. विरोध प्रदर्शनों के बाद प्रशासन ने इलाके में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दिया है. धार पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि, “शांति भंग करने के आरोप में 5 लोगों पर मामले दर्ज हुए हैं. पीथमपुर के सेक्टर-1 पुलिस स्टेशन में धारा 283, 341 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं.”
CM EMERGENCY MEETING: पीथमपुर में नहीं जलेगा यूनियन कार्बाइड का कचरा?
सीएम डॉ. यादव ने संकेत दिए हैं कि फिलहाल पीथमपुर में यूनियन कार्बाइड का कचरा आगे नहीं जलेगा. उन्होंने कहा, ” यूनियन कार्बाइड के कचरे को लेकर सुरक्षा के मापदंडों पर किसी प्रकार से कोई खतरा या कोई डर का भाव जनता के बीच आया है तो राज्य सरकार जनता की भावना को ध्यान में रखकर कार्य करेगी. मध्यप्रदेश सरकार प्रयास करेगी कि माननीय न्यायालय के सामने यह विषय लाया जाए, इसके बाद ही हम आगे बढ़ेंगे. माननीय कोर्ट जैसा आदेश देगा, हम उसका पालन करने के लिए तत्पर रहेंगे. हम तब तक आगे नहीं बढ़ेंगे, जब तक न्यायालय कोई निर्देश जारी नहीं करता.”
