जन्माष्टमी 2025 की वो झलकियां जो हर दिल को छू जाएं
कन्हैया की नगरी आज फिर जगमगा उठी है। कहीं फूलों की महक है, कहीं घंटियों की गूंज, और कहीं भक्तों की आँखों में सच्ची श्रद्धा की चमक…

आज देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है लेकिन यह सिर्फ एक पर्व नहीं है, यह हर भारतीय के दिल से जुड़ा रिश्ता है। वो रिश्ता जो कन्हैया के साथ कभी राधा बनकर जुड़ता है, कभी मीरा बनकर बहता है।
वृंदावन में उमड़ा श्रद्धा का सागर: 10 लाख भक्त और ‘ऑपरेशन सिंदूर’
वृंदावन में आज का दिन किसी सपने जैसा लग रहा है। 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालु देशभर से यहां पहुंचे हैं। बांके बिहारी मंदिर के बाहर इतनी लंबी कतारें हैं कि लोगों ने रात ही से लाइन में लगना शुरू कर दिया था। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर को इस बार “ऑपरेशन सिंदूर” थीम पर सजाया गया है पूरा मंदिर सिंदूरी फूलों से ढंका हुआ है, जिनकी खुशबू हर भक्त के मन को भिगो रही है। कोलकाता और बेंगलुरु से मंगवाए गए ये फूल, जैसे खुद कान्हा के स्वागत में खिले हों।
श्री बदरीनाथ धाम में जन्माष्टमी के पर्व पर भगवान श्री कृष्ण की विशेष पूजा अर्चना की गई।#krishnajanmashtami2025#ShriKrishnaJanmashtami#Uttarakhand#Chamoli#Badrinath pic.twitter.com/Hu97QNaB39
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) August 16, 2025
सोने की पोशाक, इंद्रधनुष के रंग और 6 महीने की मेहनत
मथुरा में ठाकुर जी के लिए जो पोशाक तैयार की गई है, वो आम नहीं, अभूतपूर्व है। 6 महीने की कारीगरी, और उसमें इस्तेमाल हुए सोने-चांदी के तार। पोशाक में इंद्रधनुष के सात रंग इस तरह पिरोए गए हैं कि मानो हर रंग से एक नई लीला झलक रही हो। ये पोशाक सिर्फ एक वस्त्र नहीं, एक प्रेम और भक्ति की भेंट है जो कारीगरों ने दिन-रात एक कर के तैयार की।
80 क्विंटल फूल और 501 पकवान: पटना ISKCON बना ‘नया वृंदावन’
बिहार की राजधानी पटना के ISKCON मंदिर में इस बार एक नया रिकॉर्ड बना। 80 क्विंटल फूलों से सजावट, और 501 पकवानों का भोग। थाईलैंड, कोलकाता, बैंगलोर और बैंकॉक से मंगाए गए फूलों से मंदिर की सजावट की गई है। पूरे परिसर में ‘वृंदावन थीम’ को जिया जा रहा है। मंदिर के गर्भगृह में 251 चांदी के कलश और शंख से अभिषेक किया गया।
#WATCH मथुरा, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की। pic.twitter.com/eWl8dp3lve
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 16, 2025
ग्वालियर में राधा-कृष्ण 100 करोड़ के गहनों से सजे

ग्वालियर के गोपाल मंदिर में आज कुछ खास हुआ। राधा-कृष्ण को पहनाए गए गहनों की कीमत 100 करोड़ रुपए से भी ज्यादा आंकी गई है। ये गहने सदियों पुराने हैं हीरा, माणिक, पन्ना, नीलम जैसे रत्नों से जड़े हुए। इतनी भव्यता के बीच सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया है 200 से ज्यादा जवान, 50 CCTV कैमरे और 24×7 निगरानी। यह भक्ति है या भव्यता की पराकाष्ठा? शायद दोनों।
भारत के हर कोने में गूंज रहा है ‘नंद के आनंद भयो’
- राजस्थान के नाथद्वारा में श्रीनाथजी के मंदिर में ऐतिहासिक महत्व के कार्यक्रम हुए।
- उत्तराखंड के बद्रीनाथ में विशेष पूजा और आरती के आयोजन हुए।
- छत्तीसगढ़ के रायपुर में 1100 किलो मालपुए का भोग और तीन दिन का महोत्सव चल रहा है।
- मध्य प्रदेश के राजगढ़ में गोवर्धननाथजी को हाथी पर बैठाकर लाया गया एक परंपरा जो सदियों से चली आ रही है।
हर शहर, हर गांव, हर गली में कन्हैया के जन्म की ख़ुशी है।
