Kedarnath Heli Service Price: अगर आप बाबा केदारनाथ के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं और पैदल चलने के बजाय हेलीकॉप्टर से जाना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास परिषद ने केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर शटल सेवाओं के किराए तय कर दिए हैं। अच्छी बात यह है कि कुछ रूटों पर पिछले साल के मुकाबले इसका किराया कम भी हुआ है।

10 अप्रैल से बुकिंग
अगर आप केदारनाथ की पहाड़ियों में स्थित बाबा केदारनाथ के दरबार तक हेलीकॉप्टर से पहुंचना चाहते हैं तो अपनी डायरी में 10 अप्रैल की डेट नोट कर लीजिए। इसी दिन से हेलीकॉप्टर सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो रही है। प्रशासन ने कहा कि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुल रहे हैं। इसलिए बुकिंग की प्रक्रिया वक्त रहते शुरू की जा रही है ताकि यात्रियों को ऐन वक्त पर भाग-दौड़ न करनी पड़े।
कितना होगा किराया?
सरकार ने 3 अलग-अलग स्थानों से हेलीकॉप्टर उड़ान भरने की व्यवस्था की है। खास बात यह है कि सिरसी से जाने वाले यात्रियों के लिए पिछले साल के मुकाबले कम किराया देना पड़ेगा।
- सिरसी से केदारनाथ: किराया 3043 रुपये, पिछले साल 4250 रुपये था।
- फाटा से केदारनाथ: 4840 रुपये देने होंगे।
- गुप्तकाशी से केदारनाथ: किराया 6077 रुपये, ये पिछले साल 6222 रुपये था।
हालांकि यात्री इस बात को ध्यान में रखें कि यह किराया ‘वन वे’ है। इसके अलावा GST और पोर्टल का सुविधा शुल्क अलग से देय होगा।
Kedarnath Heli Service Price: ठगी से बचे
ठगी से बचने के लिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट के जरिए टिकट बुक करें। हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट https://www.heliyatra.irctc.co.in पर जाकर कर सकते है। किसी भी फर्जी वेबसाइट या एजेंट के झांसे में न आएं।
