Jharkhand news: झारखंड में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस विभाग को शुक्रवार को बड़ी सौगात दी। झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 12 अत्याधुनिक थाना भवनों का ऑनलाइन तरीके से शिलान्यास किया और पुलिस थानों को 636 पेट्रोलिंग वाहनों तथा 849 दोपहिया वाहनों की चाबियां सौंपीं। मुख्यमंत्री सोरेन ने इस अवसर पर कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस के साथ-साथ आम जनता को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
इन जिलों के थाना भवनों का हुआ शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रांची, हजारीबाग, बोकारो, देवघर, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गिरिडीह, पलामू, गुमला, चतरा और दुमका जिलों में बनने वाले 12 अत्याधुनिक थाना भवनों का ऑनलाइन शिलान्यास किया। इन भवनों के निर्माण पर झारखण्ड सरकार लगभग 19 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

झारखंड पुलिस की महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने इस अवसर को महत्वपूर्ण करार देते हुए कहा कि नए थाना भवनों में एक ही परिसर में कई थाने और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और पुलिसिंग अधिक प्रभावी हो सकेगी।
पहले चरण में सौंपे गए 636 पेट्रोलिंग और 849 दोपहिया वाहन
राज्य सरकार ने कुल 1255 पेट्रोलिंग वाहनों और 1697 दोपहिया वाहनों को स्वीकृति दी है। इनमें से पहले चरण में 636 पेट्रोलिंग वाहन (मुख्यतः बोलेरो) और 849 दोपहिया वाहन पुलिस थानों को शुक्रवार को सौंपे गए हैं | कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा के स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो भी उपस्थित थे, जिन्होनें कहा कि नई गाड़ियों के मिलने से पुलिस की गश्त व्यवस्था मजबूत होगी और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।

पुलिस को संसाधनों से सुसज्जित करना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि समय के साथ अपराध का स्वरूप बदल रहा है, जिसके कारण पुलिस की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं। उन्होंने हाल ही में धुर्वा इलाके में लापता हुए बच्चे की तलाश में पुलिस द्वारा किए गए सराहनीय प्रयासों का भी उल्लेख किया।
सीएम ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस को संसाधनों से सुसज्जित करना सरकार की प्राथमिकता है और यह वाहन वितरण का पहला चरण है। जल्द ही दूसरे चरण में भी अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे।
9 वैज्ञानिक सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान गृह एवं कारा विभाग में नवचयनित नौ वैज्ञानिक सहायकों को मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र भी सौंपे। इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री रशाकृष्ण किशोर, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह और मंत्री संजय प्रसाद यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
