Jharkhand news: मध्य-पूर्व में ईरान और इजराइल के बीच चल रही जंग ने पूरे गल्फ क्षेत्र को अस्थिर कर दिया है. इस संकट के बीच विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर देश के नेता-मंत्रियों में चिंता बढ़ गई है. हालत को मद्देनज़र रखते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को सक्रिय रुख अपनाया है, और राज्य के प्रवासियों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. उन्होंने केंद्र सरकार से भी आवश्यक कदम उठाने की अपील की है.

सोशल मीडिया के जरिए केंद्र से की अपील
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर गल्फ क्षेत्र में तेजी से बदलते हालात पर चिंता जताई. उन्होंने लिखा कि वहां रह रहे झारखंडवासियों सहित सभी भारतीय सतर्क रहें, देश उनके साथ है.
साथ ही साथ पोस्ट में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी अनुरोध किया कि जो भी भारतीय स्वयं को असुरक्षित या फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं, उन्हें सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए जरूरी कदम सुनिश्चित किये जाएँ.
झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष हुआ सक्रिय
मुख्यमंत्री सोरेन ने विशेष रूप से गल्फ देशों में रह रहे झारखंड के लोगों से अपील की कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में वे झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से अवश्य संपर्क करें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और अपने नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है.
यह हेल्पलाइन नंबर किये गए जारी
झारखंड सरकार ने सहायता के लिए निम्नलिखित नंबर जारी किए हैं:
टोल फ्री हेल्पलाइन:
1800-3456-526
लैंडलाइन नंबर:
0651-2480083
0651-2481188
0651-2480058
व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर:
9470132591
9431336472
9431336398
9431336427
9431336432
