Jharkhand CM Assam tour: असम विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की राजनीति में सक्रियता बढ़ा दी है। अपने दो दिवसीय असम दौरे के दौरान उन्होंने जनजातीय समुदायों को एकजुट करने पर जोर दिया और जय भारत पार्टी (JBP) के साथ गठबंधन की घोषणा की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों दल आगामी विधानसभा चुनाव में 40 सीटों पर संयुक्त रूप से उम्मीदवार उतारेंगे।
40 सीटों पर मिलकर लड़ेंगे चुनाव
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री सोरेन ने अपने दौरे के दौरान स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी और जय भारत पार्टी मिलकर असम विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेंगी। सूत्रों की मानें तो, इन 40 सीटों का चयन रणनीतिक रूप से किया गया है, जो मुख्य रूप से आदिवासी और मूल निवासी समुदायों की बहुलता वाले क्षेत्र हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह गठबंधन राज्य की राजनीति में बड़े दलों के लिए चुनौती खड़ी कर सकता है।

विपक्षी गठबंधन पर फिलहाल स्पष्टता नहीं
हालाँकि, जब CM सोरेन से संयुक्त विपक्ष के साथ संभावित गठबंधन के विषय में सवाल किया गया तो उन्होंने इसे पूरी तरह खारिज नहीं किया, लेकिन कहा कि अंतिम निर्णय लेने से पहले राज्य की राजनीतिक स्थिति का गहराई से अध्ययन किया जाएगा। मौजूदा हालात को देखते हुए माना जा रहा है कि अप्रैल 2026 में संभावित चुनाव से पहले इस तरह का कोई बड़ा गठबंधन बन पाना मुश्किल है।
जनसभाओं के जरिए सोरेन ने साधा जनजातीय समाज
असम पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सोरेन ने गुवाहाटी हवाई अड्डे से सीधे बिस्वनाथ जिले के मिजिका क्षेत्र का रुख किया, जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने सोनितपुर जिले के तेजपुर में जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बिस्वनाथ में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में करीब 10,000 लोगों की मौजूदगी रही। यहां सोरेन बोले, “हम ऐसी रणनीति के साथ चुनाव लड़ेंगे कि मौजूदा सरकार को समझ आ जाए कि राजनीति सिर्फ वही नहीं कर सकते। जनता को आगे आना होगा, तभी बदलाव संभव होगा।”
इफ्तार कार्यक्रम में भी CM सोरेन हुए शामिल

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सोरेन तेजपुर में आयोजित एक सामुदायिक इफ्तार कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस कार्यक्रम में नॉर्थ ईस्ट माइनॉरिटी स्टूडेंट्स यूनियन (NEMSU) के नेताओं ने उनका समर्थन जताया और कहा कि वे विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ खड़े हैं।
तय कार्यक्रम के बाद रांची रवाना
दौरे के सभी कार्यक्रम पूरे करने के बाद हेमंत सोरेन बुधवार सुबह तेजपुर से गुवाहाटी पहुंचे और वहां से दोपहर करीब 12:10 बजे झारखण्ड की राजधानी रांची के लिए रवाना हो गए।
