Jharkhand budget: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र बुधवार को समाप्त हो गया, लेकिन आखिरी दिन सदन में सियासी गर्माहट अपने चरम पर दिखाई दी। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को विस्तार से रखते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण को विकास की धुरी करार दिया।

अंतिम दिन सदन में छिड़ी तीखी बहस
बजट सत्र के समापन दिवस पर विधानसभा में विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार बहस देखने को मिली। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा दूसरी पाली में मुख्यमंत्री सोरेन ने सदन को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया।
महिला सशक्तिकरण पर रहेगा सरकार का फोकस, बोले CM सोरेन
मुख्यमंत्री सोरेन ने अपने संबोधन में महिलाओं के सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि ‘मइयां सम्मान योजना’ के तहत बड़ी संख्या में प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने बाकी योजनायें, जैसे कि ‘मइयां बलवान योजना’, ‘मइयां उद्यमी योजना’ और ‘जोहार परियोजना’ शुरू करने की भी घोषणा की, जिनका उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
बजट में हुई बढ़ोतरी, आर्थिक मजबूती का दावा
प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री सोरेन ने बताया कि झारखंड का बजट पहले करीब 86 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर लगभग 1.58 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने इसे राज्य के आर्थिक विस्तार और बेहतर वित्तीय प्रबंधन का संकेत बताया। साथ ही वित्तीय अनुशासन के मामले में राज्य की रैंकिंग में सुधार का भी जिक्र किया।
सामाजिक सुरक्षा का दायरा हुआ व्यापक
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पहले जहां 12-13 लाख लोगों को पेंशन मिलती थी, अब यह संख्या बढ़कर लगभग 36 लाख हो गई है|उन्होंने बताया कि परित्यक्ता और जरूरतमंद महिलाओं को भी इस योजना में शामिल किया गया है, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को अधिक सुरक्षा मिल रही है।
शिक्षा और पर्यटन में नई पहल
शिक्षा क्षेत्र में सुधार को लेकर मुख्यमंत्री ने ‘स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ मॉडल के विस्तार की बात कही। उन्होंने बताया कि नए संस्थानों की स्थापना की जा रही है और छात्रों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है।
इसके अलावा पर्यटन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने और वैश्विक निवेश आकर्षित करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री सोरेन ने अंत में विश्वास जताया कि झारखंड आने वाले समय में तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
