टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यह डायलॉग उनके लिए क्यों इस्तेमाल किया जाता है। मेलबर्न टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआती दो दिन मेजबान टीम हावी नजर आ रही थी। लेकिन तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों की वापसी और चौथे दिन बुमराह की घातक गेंदबाजी ने पूरा मैच पलट दिया। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते भारतीय टीम मजबूत स्थिति में आ गई है। बुमराह ने अपने एक ही स्पेल से कई रिकॉर्ड्स तोड़ दिए हैं।
Ind vs Aus: बुमराह ने रचा इतिहास
मेलबर्न टेस्ट की दूसरी पारी में बुमराह ने कमाल का प्रदर्शन किया। ट्रेविस हेड का विकेट लेकर उन्होंने अपने टेस्ट करियर के 200 विकेट पूरे किए। बुमराह ने यह उपलब्धि महज 44 मैचों में हासिल की, जिससे वह टेस्ट में 200 विकेट लेने वाले सबसे तेज भारतीय गेंदबाज बन गए। उन्होंने यह रिकॉर्ड 19.38 की औसत से बनाया, जो टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे कम है। 200 विकेट के साथ इतनी कम औसत रखने वाले बुमराह इकलौते गेंदबाज हैं।
Ind vs Aus: नया कीर्तिमान
पहली पारी में बुमराह ने 4 विकेट लिए थे और दूसरी पारी में भी वह अब तक 4 विकेट चटका चुके हैं। इससे पहले, इंग्लैंड में भी बुमराह ने एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 4-4 विकेट लिए थे। बुमराह इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में दोनों पारियों में 4+ विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। 21वीं सदी में मेलबर्न टेस्ट की दोनों पारियों में 4-4 विकेट लेने वाले बुमराह दूसरे गेंदबाज हैं। इससे पहले 2008 में डेल स्टेन ने यह कारनामा किया था।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में जलवा
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में अब तक बुमराह 29 विकेट ले चुके हैं, जो किसी भी भारतीय तेज गेंदबाज द्वारा एक ट्रॉफी में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले कपिल देव ने 25 विकेट लिए थे। बुमराह के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर अब 26 विकेट हो चुके हैं, जो पिछले 110 सालों में किसी भी मेहमान गेंदबाज द्वारा इस मैदान पर लिए गए सबसे ज्यादा विकेट हैं।
