
न मालिक न नौकर,लड्डू गोपाल चला रहे दुकान
Jabalpur Laddu Gopal Shop: आमतौर पर प्रोडक्ट, खाने-पीने से लेकर कपड़े और गहने की दुकानें ऐसी ही होती है.जहां बहुत सारे नौकर और मलिक होता है जिसे दुकानदार भावताव के बाद पेमेंट करता है, लेकिन मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक अनोखी दुकान है. यह दुकान एक भक्त ने शुरू की है, जिसे वह अपने या किसी आदमी के भरोसे नहीं, बल्कि भगवान के भरोसे चला रहा है.
लड्डू गोपाल की लड्डुओं की दुकान

जबलपुर में लड्डुओं की एक ऐसी दुकान खुली है, जिसे भगवान चला रहे हैं। यहां पर कोई मालिक या नौकर नहीं है। दुकान का नाम भी भगवान लड्डू गोपाल के नाम पर रखा गया है। यहां लोग अपनी जरूरत के अनुसार लड्डुओं का पैकेट खरीदकर पैसे रख जाते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से दुकान के बाहर लगे बोर्ड पर एक सीसीटीवी लगाया है।
कुछ ही दिनों में फेमस हुई दुकान

दुकान की शुरुआत शास्त्री ब्रिज के पास रहने वाले विजय पांडे (52) ने की है। यह दुकान कुछ ही दिनों में इतनी फेमस हो गई है कि न सिर्फ जबलपुर बल्कि पड़ोसी जिलों से भी लोग लड्डू खरीदने पहुंच रहे हैं। पांडे ने बताया कि 17 किलो से ज्यादा लड्डुओं की बिक्री प्रतिदिन हो रही है। इससे होने वाली आय को बच्चों की शिक्षा और इलाज पर खर्च किया जाएगा।
ऐसे हुई शॉप की शुरुआत
लड्डू गोपाल शॉप खोलने के पीछे की वजह खुद विजय पांडे ने बताई। कहा- दिसंबर 2024 में एक व्यक्ति मेरे घर पहुंचा। बताया कि उसके 5 साल के बेटे का जन्मदिन है। बेटे को लड्डू बहुत पसंद है। कुछ दिन पहले उसने एक मंदिर में आपके यहां का लड्डू खाया था। वह आज फिर जिद करने लगा कि उसे वही लड्डू चाहिए, जो मंदिर में मिला था। प्रसाद के डिब्बे पर आपका पता लिखा था। उसे ही तलाश करते यहां तक पहुंचा हूं। वह पेशे से सुरक्षा गार्ड था। उसने कहा कि मेरे पास आज पैसे नहीं है।
मुझे 200 रुपए के लड्डू चाहिए। मैं जल्द ही पैसे दे दूंगा। बच्चे के जन्मदिन की बात सुनकर मैंने एक किलो लड्डू उस शख्स को दे दिए और कहा कि जब कभी पैसे हों, तब दे जाना। जिस व्यक्ति को मैंने लड्डू दिए थे, उसने लड्डू गोपाल की कसम खाकर कहा था कि वह जल्द ही पैसे दे देगा। कुछ दिन बाद उसने पैसे लौटा भी दिए। तब मेरे मन में ख्याल आया कि एक ऐसी शाॅप खोली जाए, जो कि भगवान पर आश्रित रहे, सबकुछ उन्हीं के भरोसे हो। मैंने पत्नी और बच्चों से इस विषय में बात की, सभी को आइडिया पसंद आया। इसके बाद भगवान श्री लड्डू गोपाल की शॉप खोल दी गई।
Jabalpur Laddu Gopal Shop: 24 घंटे खुली रहती है दुकान
यह दुकान 24 घंटे खुली रहती है। पैसा डालने के लिए एक डिब्बा रखा है. ग्राहक खुद अपना हिसाब करके डिब्बे में पैसे डाल सकता है. बची हुई रकम बाजू में रखी है. उसमें से जितना बाकी है, उतना पैसा ले सकता है. जिसके पास पैसा नहीं है, वह भी यहां से मिठाई ले जा सकता है. उसकी श्रद्धा करे तो बाद में पैसा दे दे.” विजय पांडे ने बताया कि मुझे भरोसा है कि लोग लड्डू गोपाल से धोखा नहीं करेंगे. सब कुछ ठीक चलेगा.”
लड्डू गोपाल का बैंक में खाता भी
श्री लड्डू गोपाल शॉप खुले हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं। बावजूद इसके लोगों की भीड़ बढ़ रही है। 10 से 16 मार्च के बीच लड्डू प्रसाद की प्रतिदिन बिक्री 17 किलो से अधिक की रही है। हमने भगवान लड्डू गोपाल के नाम से बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता खुलवाया है। लड्डू बनाने का खर्च अलग करने के बाद जितना भी पैसा बचेगा, वह उस बैंक खाते में जमा किया जाएगा। हर माह पैसे का हिसाब-किताब भगवान लड्डू गोपाल के सामने ही होगा। यह पूरा पैसा उन बच्चों के इलाज और शिक्षा में खर्च किया जाएगा, जो सक्षम नहीं हैं। बच्चे भगवान लड्डू गोपाल का रूप हैं, इसलिए उनका पैसा उन्हें ही समर्पित किया जाएगा।
