ISIS handler arrested: राजस्थान के जोधपुर में आतंकवाद से जुड़ा एक बड़ा खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने वाले एक संदिग्ध ISIS हैंडलर को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है।
संयुक्त ऑपरेशन में आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर पुलिस ने बुधवार को जीशान (19) नामक युवक को गिरफ्तार किया, जो कथित तौर पर आतंकी संगठन ISIS से जुड़ा हुआ था। यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस और आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने मिल कर की। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा की ओर प्रभावित कर रहा था।
मोबाइल से बरामद हुए आपत्तिजनक वीडियो
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन से ISIS से जुड़े कई आपत्तिजनक वीडियो और सामग्री बरामद की। ये वीडियो वह विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप्स में साझा करता था, जिससे युवाओं को प्रभावित किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरफ्तारी आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में शुरू हुई एक जांच से जुड़ी है। वहां एक अन्य संदिग्ध को हिरासत में लेने के बाद जीशान का नाम सामने आया था। इसके बाद पुलिस टीम जोधपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर नई सड़क इलाके में देर रात कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
डिलीट किया गया डेटा भी फॉरेंसिक टीम ने किया रिकवर
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से पहले आरोपी ने अपने मोबाइल से आपत्तिजनक डेटा हटाने की कोशिश की थी। हालांकि, फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने डिलीट की गई फाइल्स और वीडियो को सफलतापूर्वक रिकवर कर लिया।

‘BENX’ ग्रुप का एडमिन था आरोपी
जांच में सामने आया है कि जीशान ‘BENX’ नाम के एक सोशल मीडिया ग्रुप का एडमिन था, जहां वह पिछले करीब दो वर्षों से सक्रिय था। इस ग्रुप में वह कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े वीडियो और वॉयस नोट्स साझा करता था।
‘टेस्ट’ पास करने के बाद मिला था एडमिन का रोल
पुलिस के अनुसार, जीशान को ग्रुप का एडमिन बनने के लिए एक कथित ‘टेस्ट’ पास करना पड़ा था। इसके बाद वह सक्रिय रूप से युवाओं को जोड़ने और प्रभावित करने का काम करने लगा। जांच में यह भी सामने आया है कि उसका संपर्क पहले से जेल में बंद ISIS से जुड़े आरोपियों से भी था, जिससे एक बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।
दो अन्य संदिग्ध भी हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में जोधपुर से दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। हालांकि, उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार नहीं किया गया है। पूछताछ के लिए दोनों को विजयवाड़ा ले जाया गया है, जहां संयुक्त जांच टीम (JIT) आगे की कार्रवाई कर रही है।
