मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां कार में अचानक आग लगने से 4 साल के बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना सिमरोल थाना क्षेत्र की है।जानकारी के अनुसार, चिराग नाम का बच्चा अपने पिता संजय बढ़िया के साथ कार्यस्थल पर गया था। पिता पास में खड़े होकर डीजे वाहन का काम करवा रहे थे, जबकि बच्चा कार के अंदर बैठा था।
कुछ ही मिनटों में कार खाक
इसी दौरान कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरी कार उसकी चपेट में आ गई. मौके पर मौजूद लोग आग बुझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन लपटों की तीव्रता के कारण बच्चा कार से बाहर नहीं निकल पाया।
दमकल पहुंचने से पहले ही मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग को बुलाया गया। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
