विजयवाड़ा में 2.76 लाख लोग प्रभावित, NDRF की 26 टीमें तैनात
India Flood update : आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई जिलों में बाढ़ के कारण कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है। दोनों राज्यों में 99 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। 54 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। यहां कई नदियों में बाढ़ आ गई है। एनडीआरएफ की 26 टीमें तैनात की गई हैं।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा, ‘1998 के बाद ऐसी बाढ़ आई है। 17,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। विजयवाड़ा में स्थिति सबसे खराब है। यहां के कुछ इलाकों में 10 फीट तक पानी भर गया है। शहर में बाढ़ से 2.76 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

तेलंगाना में बाढ़ और बारिश से 24 घंटे में 9 लोगों की मौत हो गई है। सूर्यपेट, भद्राद्री कोठागुडम, महबूबाबाद और खम्मम जिले बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। खम्मम के 110 गांव पूरी तरह से पानी में डूब गए हैं। हैदराबाद के सभी स्कूल आज बंद कर दिए गए हैं।
पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से फोन पर बात की और राज्य की स्थिति का जायजा लिया। पीएम ने दोनों को केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
आंध्र प्रदेश के सीएम ने कहा- बारिश ने हिला दिया है राज्य के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि भारी बारिश ने राज्य को हिला दिया है। विजयवाड़ा और गुंटूर शहर पूरी तरह से पानी में डूब गए हैं। विजयवाड़ा-गुंटूर राष्ट्रीय राजमार्ग और विजयवाड़ा-हैदराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग भी बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए हैं। 17,000 से अधिक लोग 100 से अधिक राहत शिविरों में रह रहे हैं। बुडामेरू नदी में आ गया है। 1.1 लाख हेक्टेयर भूमि पर लगी फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं।
राजस्थान में बारिश ने तोड़ा 13 साल पुराना रिकॉर्ड
अगस्त में मानसून ने राजस्थान में नया रिकॉर्ड बनाया है। अगस्त में 344 मिमी बारिश हुई, जो 2011 से 2023 तक सबसे अधिक है। एक महीने में आज तक इतनी बारिश नहीं हुई है। इससे पहले 2016 में अगस्त में 277.7 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो पिछले 13 वर्षों में दर्ज की गई सबसे अधिक बारिश थी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार (2 सितंबर) को उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश और गुजरात समेत 6 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। यूपी के 18 जिलों में बारिश का अलर्ट है। ओडिशा में रविवार को भारी बारिश हुई। गंजाम जिले के तोता साही गांव में बारिश के कारण एक घर गिरने से तीन साल के एक बच्चे की मौत हो गई।
